ब्रिटेन के राजा चार्ल्स और दिवंगत प्रिंसेस डायना की शादी को लेकर एक नई किताब में बेहद भावुक और चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। बताया गया है कि 29 जुलाई 1981 को शादी के एक दिन पहले, किंग चार्ल्स फूट-फूटकर रोए थे — वजह थी उनका अब भी कैमिला से प्यार में होना।
रॉयल एक्सपर्ट इयान पेलहम टर्नर ने Fox News Digital को बताया, “चार्ल्स और डायना दोनों ही रोए थे। डायना शादी को लेकर असहज थीं, लेकिन उनकी बहन ने कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है — शादी के टॉवल्स तक बन चुके थे जिन पर उनकी तस्वीरें थीं।”
टर्नर के अनुसार, शादी के दिन चार्ल्स ने कैमिला के प्रतीक चिह्न वाले कफ़लिंक्स पहने थे, जो यह दिखाता है कि वह अब भी भावनात्मक रूप से कैमिला से जुड़े हुए थे। यह भी दावा किया गया कि चार्ल्स इस शादी के लिए मजबूर थे, क्योंकि शाही परंपराओं और अपने पिता प्रिंस फिलिप के दबाव के चलते उन्हें एक "उचित और कुंवारी" दुल्हन से विवाह करना था।
कैमिला से था सच्चा प्यार, डायना थीं समझौता
किताब "Prince Charles: The Passions and Paradoxes of an Improbable Life" के अनुसार, चार्ल्स को शादी से पहले रात को यह महसूस हुआ कि वह किसी और से शादी कर रहे हैं, जबकि उनका दिल कैमिला में अटका हुआ है। रिपोर्टों के अनुसार, कैमिला को शादी में भी बुलाया गया था और उन्होंने हल्के ग्रे रंग की ड्रेस पहनी थी, न कि सफेद जैसा कि अफवाह थी।
ब्रिटिश शाही विशेषज्ञ हिलेरी फोर्डविच ने बताया कि किंग चार्ल्स की जीवनीकार सैली बेडेल स्मिथ ने भी पुष्टि की है कि चार्ल्स ने शादी से एक रात पहले रोया था। उन्होंने कहा, “शाही परंपरा और निजी भावनाओं के टकराव ने चार्ल्स, डायना और कैमिला के रिश्ते को एक त्रासदी में बदल दिया।”
डायना की पीड़ा और शादी की मजबूरी
शादी के पहले डायना को कैमिला और चार्ल्स की निकटता का अहसास हो चुका था, लेकिन परिवार और मीडिया के दबाव के चलते वह शादी से पीछे नहीं हट सकीं। फोर्डविच बताती हैं कि डायना ने खुद को "दुनिया की सबसे भाग्यशाली लड़की" बताया था, लेकिन अंदर ही अंदर वह जानती थीं कि चार्ल्स का दिल कहीं और है।
शादी के बाद डायना की भावनात्मक पीड़ा और चार्ल्स की दूरी ने इस रिश्ते को धीरे-धीरे बर्बादी की ओर धकेल दिया। यही नहीं, यह टूटता रिश्ता अब भी राजकुमार हैरी के व्यवहार और मीडिया से अविश्वास में झलकता है, खासकर उनकी कैमिला को लेकर नाराजगी में।