मार्क लैथम की तस्वीर को लेकर लेबर पार्टी का बड़ा फैसला: संसद भवन में रहेगी, लेकिन अब बदलेगा सन्देश

लेबर नेता और प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज़ का बयान – "लैथम को नेता बनाना बड़ी गलती थी"

मार्क लैथम की तस्वीर को लेकर लेबर पार्टी का बड़ा फैसला: संसद भवन में रहेगी, लेकिन अब बदलेगा सन्देश

ऑस्ट्रेलिया की लेबर पार्टी ने पूर्व नेता मार्क लैथम की तस्वीर को संसद भवन के पार्टी कक्ष में बनाए रखने का फैसला किया है, लेकिन अब उस तस्वीर के साथ एक नई चेतावनी-पट्टी (plaque) भी जोड़ी जाएगी, जिसमें साफ लिखा होगा कि उन्हें पार्टी से आजीवन निष्कासित किया गया है और उनके कार्य लेबर मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं।

प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज़ ने इस निर्णय का बचाव करते हुए कहा कि "मार्क लैथम का पार्टी नेता चुना जाना एक ऐतिहासिक भूल थी, जिसका मैं उस समय भी विरोध कर रहा था।" उन्होंने कहा कि यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि इतिहास को मिटाया नहीं जा सकता, लेकिन हम उसे सही संदर्भ में प्रस्तुत कर सकते हैं

क्या लिखा होगा नई पट्टी में?

लेबर पार्टी की सर्वसम्मति से तय की गई पट्टी में लिखा होगा:

"2017 में मार्क लैथम को ऑस्ट्रेलियन लेबर पार्टी से निष्कासित किया गया था और उन्हें आजीवन प्रतिबंधित किया गया। उनके कार्य लेबर मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं और हमारे द्वारा अपेक्षित मानकों को पूरा नहीं करते।"

मंत्री और महिला सशक्तिकरण पर संदेश

महिला मामलों की मंत्री कैटी गैलाघर ने कहा कि इस बदलाव से पार्टी यह स्पष्ट संदेश देना चाहती है कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण लेबर पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "हम केवल बातें नहीं करते, हम कार्य करके दिखाते हैं। यह पट्टी उसी कार्य का हिस्सा है।"

तान्या प्लिबर्सेक का बयान

लेबर सांसद तान्या प्लिबर्सेक ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "जब लैथम नेता बने, तो मैं ऑफिस से घर आकर रोई थी। मुझे तब भी शक था कि वे नेता बनने के लायक नहीं हैं, और उनके हालिया व्यवहार ने उन शंकाओं को और मजबूत किया है।"

लैथम पर लगे आरोप और वर्तमान स्थिति

मार्क लैथम पर उनकी पूर्व साथी नाथली मैथ्यूज ने AVO (Apprehended Violence Order) की अर्जी दाखिल की थी, हालांकि अभी तक कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई है। वह वर्तमान में NSW (न्यू साउथ वेल्स) संसद के ऊपरी सदन में स्वतंत्र सदस्य के रूप में 2031 तक कार्यरत रहेंगे।