सिडनी के नॉर्दर्न बीचेस इलाके में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक हल्के विमान ने मोना वेल गोल्फ कोर्स पर आपात लैंडिंग की। इस हादसे में विमान में सवार दो लोग बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं।
यह पाइपर चेरोकी (Piper Cherokee) विमान दोपहर करीब 1 बजे कैम्पडेन से उड़ा था और इसे वोलोंगोंग पहुंचना था। लेकिन तकनीकी दिक्कत आने के बाद करीब 2 बजे पायलट ने मजबूरन मोना वेल गोल्फ कोर्स पर लैंडिंग की कोशिश की।
गोल्फ खेल रहे लोगों ने अचानक आसमान से नीचे आते विमान को देखा और कुछ ही सेकंड में वह ज़मीन पर जोरदार तरीके से गिरा। हादसे के बाद विमान का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका मलबा कोर्स पर बिखर गया।
विमान में एक प्रशिक्षक पायलट और एक छात्र पायलट सवार थे। दोनों की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। हादसे में उन्हें हल्की चोटें आईं और मौके पर मौजूद पैरामेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रॉयल नॉर्थ शोर अस्पताल भेजा। उनकी हालत स्थिर है।
घटनास्थल पर तीन पैरामेडिक्स और एक इंस्पेक्टर ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही विमान ज़मीन से टकराया, लोग दौड़कर मदद करने पहुंचे।
ऑस्ट्रेलियन ट्रांसपोर्ट सेफ्टी ब्यूरो (ATSB) ने इस हादसे की जानकारी दी है और अब विमान दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, विमान में कोई बड़ी तकनीकी खराबी आई थी, जिसके कारण आपात लैंडिंग करनी पड़ी।0