कोलकाता पहुँचे लियोनल मेसी, ‘G.O.A.T इंडिया टूर 2025’ का भव्य आगाज़

कोलकाता पहुँचे लियोनल मेसी, ‘G.O.A.T इंडिया टूर 2025’ का भव्य आगाज़

कोलकाता। अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर और विश्व विजेता लियोनल मेसी एक बार फिर भारत की धरती पर लौट आए हैं। देर रात उनका विशेष विमान कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा, जिसके साथ ही उनके बहुप्रतीक्षित ‘G.O.A.T इंडिया टूर 2025’ की औपचारिक शुरुआत हो गई। मेसी के आगमन की खबर मिलते ही एयरपोर्ट के बाहर हजारों प्रशंसक जुट गए और झंडों, पोस्टरों व नारों के बीच अपने चहेते खिलाड़ी का जोरदार स्वागत किया।

यह दौरा इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि मेसी लगभग 14 वर्षों बाद भारत आए हैं। इससे पहले वह 2011 में भारत दौरे पर आए थे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही मेसी सीधे होटल रवाना हुए, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद प्रशंसकों की भारी भीड़ देखने को मिली। हर कोई बस अपने हीरो की एक झलक पाने को बेताब नजर आया।

मेसी का पिछला भारत दौरा आज भी फुटबॉल प्रेमियों की यादों में ताजा है, जब कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में खेले गए फीफा मैत्री मैच में अर्जेंटीना ने वेनेजुएला को 1-0 से हराया था। उस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए 85 हजार से अधिक दर्शक स्टेडियम में मौजूद थे। हालांकि इस बार आठ बार बैलोन डी’ओर जीत चुके मेसी मैदान पर खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। उनका यह दौरा पूरी तरह प्रचार, व्यावसायिक और विशेष कार्यक्रमों तक सीमित रहेगा।

सूत्रों के अनुसार, मेसी भारत में 72 घंटे से भी कम समय बिताएंगे। इस दौरान वह कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे। कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित विशेष कार्यक्रम के लिए लगभग 78 हजार सीटें आरक्षित की गई हैं, जहां मेसी करीब 45 मिनट तक प्रशंसकों से रूबरू होंगे। वहीं मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में फैशन शो और नीलामी कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसमें उनके साथी खिलाड़ी लुई सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के भी शामिल होने की संभावना है।

इस हाई-प्रोफाइल दौरे के दौरान मेसी की मुलाकात राजनीतिक, कॉर्पोरेट और फिल्मी जगत की कई प्रमुख हस्तियों से भी होने की उम्मीद है। कुल मिलाकर, ‘G.O.A.T इंडिया टूर 2025’ भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है, जहां अपने पसंदीदा सितारे को करीब से देखने का सपना एक बार फिर साकार हो रहा है।