पेरिस, 24 जुलाई 2025: फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रॉन और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रॉन ने अमेरिका में राइट-विंग पांडुलिपिकार और यूट्यूबर कैंडेस ओवेन्स के खिलाफ 22 मामलों की मानहानि का मुकदमा दायर किया है। यह मुकदमा डेलावेयर सुपीरियर कोर्ट में दाखिल किया गया है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब कैंडेस ओवेन्स ने मार्च 2024 में एक यूट्यूब वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने बेसिरपैर फैलाते हुए आरोप लगाया कि फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रॉन कोई महिला नहीं बल्कि एक पुरुष हैं। इस वीडियो का शीर्षक था, “क्या फ्रांस की प्रथम महिला एक पुरुष हैं?” और इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर बड़े पैमाने पर प्रमोट किया गया।
मैक्रॉन दंपत्ति के वकील टॉम क्लेयर के अनुसार, कैंडेस ओवेन्स ने पिछले एक साल से लगातार इस तरह की झूठी और अपमानजनक खबरें फैलाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने वीडियोस के अलावा इस अफवाह को बढ़ावा देने के लिए मर्चेंडाइज भी बेचना शुरू कर दिया।
मुकदमे में कहा गया है कि ब्रिजिट मैक्रॉन के खिलाफ यह आरोप पूरी तरह निराधार हैं और इन्हें साबित करने के लिए ओवेन्स को कई बार सचेत किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इससे मैक्रॉन दंपत्ति को गंभीर आर्थिक नुकसान और भविष्य की संभावित व्यावसायिक अवसरों का नुकसान हुआ है।
ब्रिजिट मैक्रॉन ने पहले भी फ्रांस में दो महिलाओं के खिलाफ इसी तरह के झूठे आरोपों को लेकर कानूनी कार्रवाई की थी। हालांकि अपील के बाद यह मामला उच्च न्यायालय में पहुंच गया है।
राष्ट्रपति मैक्रॉन ने मार्च 2024 में कहा था कि राष्ट्रपति पद का सबसे मुश्किल हिस्सा यह है कि उन्हें झूठी अफवाहों और गुमराह करने वाली खबरों से जूझना पड़ता है, जो उनके और उनके परिवार के निजी जीवन को पूरी तरह प्रभावित करती हैं।
फ्रांस की एलीसे पैलेस ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा है कि यह एक निजी मामला है।