अमेरिका में ट्रंप प्रशासन की बड़ी छापेमारी, कैलिफोर्निया में विरोध प्रदर्शन के दौरान झड़पें

प्रदर्शनकारियों और संघीय एजेंटों के बीच हुई तीखी झड़पें, 30 से अधिक लोग हिरासत में

अमेरिका में ट्रंप प्रशासन की बड़ी छापेमारी, कैलिफोर्निया में विरोध प्रदर्शन के दौरान झड़पें

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में ट्रंप प्रशासन द्वारा अवैध अप्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत शुक्रवार को बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई। इस दौरान दक्षिण कैलिफोर्निया के कैमेरिलो शहर के पास एक फार्म में हुई कार्रवाई के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए और प्रदर्शनकारियों तथा संघीय एजेंटों के बीच तीखी झड़पें देखने को मिलीं।

झड़पों में आंसू गैस और स्मोक बम का इस्तेमाल
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फार्म पर करीब 11 बजे (स्थानीय समयानुसार) एजेंट पहुंचे थे और करीब 12:30 बजे हालात बेकाबू हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई का विरोध किया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस और स्मोक बम का इस्तेमाल किया।

30 से अधिक लोग हिरासत में
Sky5 की रिपोर्ट के अनुसार, करीब एक घंटे बाद घटनास्थल से कम से कम 30 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनकी हथकड़ियों में हाथ बंधे हुए थे और उन्हें एक दीवार के पास बैठा देखा गया। इन सभी को छापेमारी का निशाना माना जा रहा है।

घायलों के लिए बुलाई गई पैरामेडिकल टीम
KLTA चैनल की रिपोर्ट में बताया गया कि मौके पर पैरामेडिकल टीम को बुलाना पड़ा, जहां कई घायलों का उपचार किया गया। हालांकि, घायल प्रदर्शनकारियों की संख्या और स्थिति को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।

न्यूज हाइलाइट्स:

  • ट्रंप प्रशासन की कार्रवाई पर बढ़ रहा विरोध

  • प्रदर्शनकारियों और एजेंटों के बीच तीखी झड़पें

  • 30 से अधिक लोग हिरासत में

  • पैरामेडिकल टीम की तैनाती

ट्रंप की नई नियुक्ति ने भी बटोरी सुर्खियां
उधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मलेशिया के लिए नए अमेरिकी राजदूत के रूप में ऑस्ट्रेलियाई मूल के पूर्व सिडनी काउंसलर निक एडम्स को नियुक्त किया है। सोशल मीडिया पर खुद को ‘अल्फा मेल’ बताने वाले एडम्स की नियुक्ति ने भी खासा ध्यान आकर्षित किया है।

निक एडम्स ने अपने बयान में कहा, “मैं मर्दानगी की चलती-फिरती मिसाल हूं। जहां भी जाता हूं, वहां लोगों में ऊर्जा और रोमांच भर जाता है।” उनकी यह बयानबाज़ी और विवादित सोशल मीडिया पोस्ट लंबे समय से चर्चा का विषय रही हैं।