मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार (3 फरवरी) को एक गंभीर विमान हादसा होते-होते टल गया। रनवे के पास टैक्सीवे पर एअर इंडिया और इंडिगो के दो विमानों के पंखों के सिरे (विंगटिप्स) आपस में टकरा गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 मुंबई से कोयंबटूर के लिए रवाना होने से पहले टैक्सीवे पर खड़ी थी। इसी दौरान हैदराबाद से मुंबई पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रही थी। टैक्सीवे पर सीमित दूरी के कारण दोनों विमानों के पंखों के सिरे आपस में रगड़ गए।
टक्कर के बाद एअर इंडिया के विमान के विंगटिप को नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद दोनों विमानों को रोक दिया गया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। आवश्यक तकनीकी जांच के लिए संबंधित विमान को सेवा से हटाया गया।
एयरपोर्ट प्रबंधन और विमानन सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर टैक्सीवे संचालन और दूरी के आकलन में चूक की आशंका जताई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के समय विमानों में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि अधिकारियों और एयरलाइंस के स्टाफ ने स्थिति को तुरंत संभाल लिया। यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों के माध्यम से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
गौरतलब है कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है, जहां रोजाना सैकड़ों उड़ानों का संचालन होता है। इस घटना ने टैक्सीवे सुरक्षा और समन्वय पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।