सरगुजा (छत्तीसगढ़), 18 फरवरी।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी से सोमवार रात 13 अपचारी किशोरों के फरार हो जाने की गंभीर घटना सामने आई है। ये सभी किशोर हत्या, हत्या के प्रयास और दुष्कर्म जैसे संगीन अपराधों में निरुद्ध थे। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। फिलहाल चार किशोरों को पकड़ लिया गया है, जबकि शेष की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब नौ बजे भोजन के बाद किशोरों को वार्ड में ले जाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ किशोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दिया। गार्ड को धक्का देकर वे परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि सुरक्षाकर्मी संभल नहीं सके।
प्लेस ऑफ सेफ्टी के प्रभारी भानू प्रताप ने बताया कि यह संस्थान 15 से 18 वर्ष से कम आयु के उन किशोरों के लिए संचालित है, जो गंभीर अपराधों में संलिप्त पाए गए हैं। संस्थान की स्वीकृत क्षमता 25 है, लेकिन घटना के समय वहां 36 किशोर निरुद्ध थे। क्षमता से अधिक संख्या होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर पहले से ही दबाव बना हुआ था।
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि 13 किशोरों के फरार होने की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास के जिलों को भी सूचना भेजी गई है।
इस घटना ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षमता से अधिक किशोरों की मौजूदगी और सीमित सुरक्षा बल को लेकर प्रशासन की तैयारी पर भी चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है, क्योंकि फरार किशोर गंभीर अपराधों में शामिल रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष फरार किशोरों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा। वहीं, जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।