लाकेम्बा मस्जिद को धमकी भरा पत्र भेजने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

लाकेम्बा मस्जिद को धमकी भरा पत्र भेजने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

सिडनी।
सिडनी के दक्षिण-पश्चिमी इलाके लाकेम्बा स्थित एक प्रमुख मस्जिद को कथित रूप से जान से मारने की धमकी वाला पत्र भेजे जाने के मामले में पुलिस ने एक 70 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर आरोप तय किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को शाम लगभग 4 बजे वांगी रोड स्थित मस्जिद के कर्मचारियों ने एक संदिग्ध और धमकी भरे पत्र की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पत्र को फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया।

मामले की जांच काउंटर टेररिज़्म और स्पेशल टैक्टिक्स कमांड की सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशन यूनिट द्वारा की गई। जांच के दौरान शनिवार शाम करीब 6 बजे बर्वुड रोड, बर्वुड स्थित एक आवास पर छापा मारा गया।

छापे के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक पत्र, डाक टिकट, नोटपैड और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कैंप्सी पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उस पर मौत या गंभीर शारीरिक नुकसान की धमकी देने वाले दस्तावेज़ भेजने के तीन आरोप लगाए गए हैं।

आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया गया है और उसे रविवार को न्यू साउथ वेल्स की बेल अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और समुदाय की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।