लॉस एंजिल्स।
"बार्बी" जैसी अरबों डॉलर कमाने वाली फिल्म के बाद ऑस्ट्रेलियाई स्टार मारगोट रॉबी और आयरिश अभिनेता कोलिन फैरेल की नई फिल्म ए बिग बोल्ड ब्यूटीफुल जर्नी बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह असफल साबित हुई है।
फिल्म का अमेरिका में ओपनिंग वीकेंड बेहद निराशाजनक रहा, जहां यह केवल 3.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर की कमाई कर पाई। दुनिया भर में कुल कमाई भी महज 8 मिलियन डॉलर तक सीमित रही। इसके मुकाबले फिल्म का बजट लगभग 50 मिलियन डॉलर बताया जा रहा है।
मारगोट और फैरेल की यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म अमेरिकी बॉक्स ऑफिस पर छठे स्थान पर रही। पहले स्थान पर Him और एनिमे फिल्म Demon Slayer ने कब्जा जमाया।
हालांकि रॉबी और फैरेल की परफॉर्मेंस और कैमिस्ट्री की तारीफ की गई, लेकिन फिल्म की कहानी को "खाली और फीकी" बताया गया। लोकप्रिय रिव्यू साइट रॉटन टोमेटोज़ पर फिल्म की रेटिंग महज 37% है।
यह रॉबी के करियर की सबसे कमजोर ओपनिंग्स में से एक है। इससे पहले उनकी फिल्में बैबिलोन (3.6 मिलियन डॉलर) और एम्सटर्डम (6.4 मिलियन डॉलर) भी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो चुकी थीं।
दो साल पहले ही रॉबी ने बार्बी के जरिए 1.447 अरब डॉलर की वैश्विक कमाई कर अपने करियर की सबसे बड़ी हिट दी थी। ऐसे में इस फिल्म की नाकामी उनके लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है।
फिलहाल सबकी निगाहें रॉबी की अगली बड़ी रिलीज़ Wuthering Heights पर टिकी हैं, जिसका निर्देशन सॉल्टबर्न फेम एमराल्ड फेनेल ने किया है। इसमें रॉबी के साथ ऑस्ट्रेलियाई अभिनेता जैकब एलोर्डी भी नजर आएंगे। फरवरी 2026 में रिलीज़ होने वाली इस फिल्म का ट्रेलर पहले ही विवादों में घिर चुका है।