सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (CBD) में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। यह घटना सेंट मैरी कैथेड्रल के बाहर हुई, जहां एक कोल्स (Coles) का डिलीवरी ट्रक बने गड्ढे (सिंकहोल) में फंस गया। सुरक्षा कारणों से पास के एक स्कूल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर अचानक बड़ा गड्ढा बन गया, जिसमें कोल्स का ट्रक आगे का हिस्सा धंसने के बाद फंस गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर आपातकालीन सेवाएं पहुंचीं। ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
ट्रक को बाहर निकालने के लिए कम से कम दो भारी वाहन मौके पर बुलाए गए। बचाव दल ने इलाके को घेरकर यातायात को दूसरी ओर मोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क के नीचे पानी के रिसाव या पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।
घटना सेंट मैरी कैथेड्रल के पास व्यस्त इलाके में होने के कारण यातायात पर भी असर पड़ा। एहतियात के तौर पर पास के स्कूल को बंद कर दिया गया, ताकि बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
नगर प्रशासन ने कहा है कि मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है और सड़क की स्थिरता की जांच के बाद ही इसे दोबारा खोला जाएगा। फिलहाल लोगों को उस क्षेत्र से दूर रहने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही यातायात सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।