Melbourne: ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख शहर मेलबर्न में नगर परिषद ने शहर के केंद्र में ‘लिटिल इंडिया’ स्थापित करने के लिए 12 लाख डॉलर (लगभग 10 करोड़ रुपये) खर्च करने की योजना बनाई है। परिषद का लक्ष्य इस क्षेत्र को एक प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करना है।
यह नया ‘लिटिल इंडिया’ क्षेत्र डॉकलैंड्स इलाके में बनाया जाएगा। इस स्थान का चयन एक विस्तृत अध्ययन के बाद किया गया, जिस पर परिषद पहले ही 1.5 लाख डॉलर खर्च कर चुकी है। यह परियोजना 2019 से प्रस्तावित थी, लेकिन भारतीय व्यवसायों के शहर में फैले होने के कारण उपयुक्त स्थान तय करने में देरी हुई।
मेलबर्न में पहले से ही चाइनाटाउन और कोरियाटाउन जैसे सांस्कृतिक क्षेत्र मौजूद हैं, जो प्रवासी समुदायों द्वारा स्थापित व्यवसायों और रेस्तरां के कारण विकसित हुए हैं। इसके अलावा, शहर के दक्षिण-पूर्व में डैंडेनॉन्ग रेलवे स्टेशन के पास भी एक ‘लिटिल इंडिया सांस्कृतिक परिसर’ मौजूद है।
नगर परिषद के क्रिएटिव और आर्ट्स विभाग के प्रमुख काउंसलर फिलिप ले लियू ने कहा कि यह परियोजना शहर में सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह योजना व्यापक सांस्कृतिक और आयोजन निवेश का हिस्सा है।
परिषद अपने नए बजट में कुल 40 मिलियन डॉलर विभिन्न परियोजनाओं पर खर्च करेगी। इसमें प्रमुख आयोजनों जैसे मूंबा फेस्टिवल, मेलबर्न फैशन वीक और नववर्ष समारोह के लिए 26 मिलियन डॉलर शामिल हैं। इसके अलावा ‘लाइट अप मेलबर्न’ परियोजना के लिए 2 मिलियन डॉलर, सार्वजनिक कला परियोजनाओं के लिए 4.5 मिलियन डॉलर, और कला अनुदानों के लिए 4.2 मिलियन डॉलर निर्धारित किए गए हैं।
इसके साथ ही शहर में सजावट, बैनर पोल उन्नयन, क्रिसमस सजावट और बहुसांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी अलग बजट रखा गया है।
मेयर निक रीस ने कहा कि ‘लाइट अप मेलबर्न’ परियोजना शहर को एक प्रमुख नाइट-टाइम डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करेगी और पर्यटकों को आकर्षित करेगी।
इस बजट पर सार्वजनिक परामर्श 31 मार्च से 28 अप्रैल तक किया जाएगा।