ज़ुबीन गर्ग के निधन पर पत्नी गरिमा का बड़ा खुलासा, बोलीं– “हमें अब तक कोई साफ़ जवाब नहीं मिला

ज़ुबीन गर्ग के निधन पर पत्नी गरिमा का बड़ा खुलासा, बोलीं– “हमें अब तक कोई साफ़ जवाब नहीं मिला

गुवाहाटी, 30 सितम्बर – असम के प्रख्यात गायक और अभिनेता ज़ुबीन गर्ग के असामयिक निधन को लेकर अब उनकी पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग ने गंभीर सवाल उठाए हैं। सोमवार को ग्यारहवें दिन की रस्में पूरी होने के बाद गरिमा ने मीडिया से बातचीत में अपने मन की पीड़ा साझा की और साफ शब्दों में कहा कि परिवार को अब तक इस रहस्यमयी मौत की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।


“अभी तक सब रहस्य बना हुआ है”

गरिमा ने कहा कि उनके पति का निधन न केवल एक बड़े कलाकार की क्षति है, बल्कि परिवार के लिए भी गहरी चोट है।
उन्होंने भावुक स्वर में कहा–

“ज़ुबीन के साथ असल में क्या हुआ, हमें नहीं पता। यह कैसे हुआ, यह अभी भी एक रहस्य है। हमें सभी जवाब चाहिए। मुझे जांच पर भरोसा है, लेकिन लापरवाही क्यों हुई और एक बड़े कलाकार के साथ उपेक्षा क्यों बरती गई, इसका जवाब हमें मिलना चाहिए।”

उन्होंने ज़ुबीन को अपनी शक्ति और सहारा बताया और कहा कि वे उनके लिए भगवान जैसे थे।


यॉट पार्टी पर उठे सवाल

हाल ही में यह चर्चा सामने आई थी कि ज़ुबीन गर्ग सिंगापुर में एक यॉट पार्टी में शामिल हुए थे। लेकिन गरिमा सैकिया ने इस दावे पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 18 सितम्बर को आख़िरी बार उन्होंने अपने पति से बात की थी, लेकिन उस बातचीत में यॉट पार्टी का कोई ज़िक्र नहीं था।
गरिमा ने कहा–

“अगर उन्हें पार्टी के बारे में पता होता, तो वे मुझे ज़रूर बताते। उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मैं चाहती हूँ कि जांच एजेंसियां इस मुद्दे की गहराई से पड़ताल करें और हमें सच्चाई बताई जाए।”


बीमारी और दवाओं का मुद्दा

गरिमा ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि ज़ुबीन एक बीमारी से जूझ रहे थे, जिसके चलते उन्हें समय-समय पर दौरे पड़ते थे।
उन्होंने बताया कि ज़ुबीन नियमित रूप से दवाएं लेते थे और उनके मैनेजर को भी इसकी पूरी जानकारी थी।

“मैंने उन्हें दवाएं दी थीं। उन्हें समय पर दवा लेनी पड़ती थी, क्योंकि कभी-कभी दौरे पड़ते थे। ऐसे में उनकी देखभाल में लापरवाही होना और भी गंभीर सवाल खड़े करता है।”


एक misunderstood कलाकार

गरिमा ने अपने पति को याद करते हुए कहा कि लोग अक्सर ज़ुबीन को गलत समझते थे।

“वह कहते थे कि लोग उनकी बातें दस साल बाद समझेंगे। उनके जाने के बाद उनकी कमी न सिर्फ़ हमें बल्कि लाखों प्रशंसकों को खलेगी। उन्होंने हमेशा मुझे मजबूत बने रहने की प्रेरणा दी।”


निष्पक्ष जांच की मांग

गरिमा सैकिया गर्ग ने एक बार फिर ज़ुबीन के निधन की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की। उनका कहना है कि परिवार केवल यही चाहता है कि सच सामने आए और उनके पति के अंतिम दिनों से जुड़ी हर परिस्थिति साफ हो।


पृष्ठभूमि

असमिया संगीत और सिनेमा जगत के सुपरस्टार ज़ुबीन गर्ग नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में हिस्सा लेने के लिए हाल ही में सिंगापुर गए थे। वहीं उनके निधन की खबर ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया। ज़ुबीन को न सिर्फ़ असम बल्कि पूरे देश में उनके संगीत के लिए जाना जाता था।