सिडनी/मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ऑस्ट्रेलियन बॉर्डर फ़ोर्स (ABF) की पासपोर्ट प्रोसेसिंग प्रणाली अचानक ठप हो गई। देशभर में सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों को मैनुअल जांच से गुजरना पड़ा, जिसके कारण टर्मिनलों पर लंबी कतारें लग गईं।
ABF ने सुबह बयान जारी कर बताया कि तकनीकी खामी के कारण इनबाउंड और आउटबाउंड दोनों तरह के यात्रियों की स्वचालित प्रोसेसिंग प्रभावित हुई, जिसके बाद अधिकारियों को मैनुअल प्रक्रिया अपनानी पड़ी। उड़ानों के दबाव को देखते हुए यात्रियों को ‘फ़्लाइट प्रायोरिटी’ के अनुसार आगे बढ़ाया गया।
करीब 2 बजे (AEST) तक तकनीकी गड़बड़ी को दूर कर लिया गया। मेलबर्न एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा,
"सिस्टम बहाल हो गया है और यात्री अब सामान्य रूप से प्रोसेस किए जा रहे हैं। यात्रियों का धन्यवाद, जिन्होंने धैर्य बनाए रखा।"
ABF प्रवक्ता ने बताया कि सभी एयरपोर्ट्स पर सिस्टम सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और तकनीकी खराबी के कारणों की जांच जारी है।
ब्रिस्बेन एयरपोर्ट ने बताया कि सिस्टम एक घंटे तक बंद रहा जिससे ऑकलैंड और हांगकांग के लिए दो उड़ानें प्रभावित हुईं, हालांकि स्थिति बाद में सामान्य हो गई।
सिडनी एयरपोर्ट ने भी अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद की।
कई एयरपोर्ट्स पर यात्रियों ने मैनुअल जांच के चलते देरी का सामना किया, परंतु अधिकारियों के अनुसार दोपहर बाद सभी टर्मिनल सामान्य रूप से संचालित होने लगे।
ABF ने कहा, “तकनीकी गड़बड़ी से हुए असुविधा के लिए हम यात्रियों के आभारी हैं कि उन्होंने धैर्य बनाए रखा।”