नई दिल्ली, 17 अगस्त 2025।
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार वार्ता को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। अमेरिकी ट्रेड टीम ने अपना 25 अगस्त को होने वाला दिल्ली दौरा स्थगित कर दिया है। यह मीटिंग दोनों देशों के बीच टैरिफ और व्यापार समझौते पर बात आगे बढ़ाने के लिए तय की गई थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयातित कई उत्पादों पर अतिरिक्त टैरिफ बनाए रखा है। भारत लगातार इन शुल्कों में ढील की मांग कर रहा है, लेकिन ट्रंप प्रशासन फिलहाल किसी तरह की राहत देने के मूड में नहीं दिख रहा। यही वजह है कि ट्रेड टीम ने इस यात्रा को टाल दिया।
सूत्रों के अनुसार, ट्रंप प्रशासन भारत के रूस से कच्चे तेल और सैन्य उपकरणों की खरीद पर भी आपत्ति जता रहा है। अमेरिका का मानना है कि इससे उसके रणनीतिक और आर्थिक हित प्रभावित होते हैं। इसी कारण से व्यापार वार्ता में प्रगति रुक गई है।
भारत सरकार का कहना है कि बातचीत ही आगे का रास्ता है। वाणिज्य मंत्रालय उम्मीद जता रहा है कि तारीख आगे बढ़ने के बावजूद वार्ता जारी रहेगी। भारतीय पक्ष चाहता है कि अमेरिका टैरिफ पर कुछ नरमी दिखाए ताकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को गति दी जा सके।