ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने अपनी दीर्घकालिक साथी जोडी हेडन के साथ शनिवार को एक खूबसूरत और निजी समारोह में विवाह कर लिया। राजधानी कैनबरा स्थित प्रधानमंत्री आवास ‘द लॉज’ में आयोजित यह समारोह अत्यंत गोपनीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ।
शाम 4:20 बजे मेहमानों की जोरदार तालियों व उत्साह के बीच दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। समारोह में शामिल चुनिंदा रिश्तेदारों और करीबी मित्रों ने इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनकर नई जोड़ी को शुभकामनाएँ दीं।
समारोह में संघीय कोषाध्यक्ष जिम चाल्मर्स और उनकी पत्नी लॉरा चाल्मर्स, विदेश मंत्री पेनी वोंग, वित्त मंत्री केटी गैलाघर, उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स, फ्रंटबेंचर टोनी बर्क, स्वास्थ्य मंत्री मार्क बटलर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। ALP सचिव पॉल एरिक्सन और प्रधानमंत्री कार्यालय की वरिष्ठ अधिकारी डिमिटी पॉल भी उपस्थित रहीं।
विवाह के दौरान बाहर ‘साइन्ड, सील्ड, डिलीवर्ड (I’m Yours)’ जैसे लोकप्रिय गीतों की धुनें गूंजती रहीं, जिससे समारोह का माहौल और भी उल्लासपूर्ण बन गया।
जोडी हेडन को उनके माता-पिता बिल और पौलीन हेडन ने बेन फोल्ड्स के प्रसिद्ध गीत ‘द लकिएस्ट’ की धुन पर वेदी तक पहुँचाया।
प्रधानमंत्री अल्बनीज़ के बेटे नाथन ने अपने पिता का साथ निभाया, वहीं परिवार का प्यारा पालतू कुत्ता ‘टोटो’ रिंग बेयरर की भूमिका में सभी का ध्यान आकर्षित करता रहा। दुल्हन की पाँच वर्षीय भतीजी एला ने फूल बिखेरकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दोनों ने अपना विवाह पारंपरिक ढंग से पूरा किया और सेंट्रल कोस्ट की एक अधिकृत सेलीब्रेंट ने उन्हें विवाह बंधन में बांधा। विवाह की सभी व्यवस्थाएँ निजी रूप से प्रधानमंत्री और हेडन द्वारा वहन की गईं।
जोडी हेडन ने सिडनी के फैशन लेबल ‘रोमांस वाज़ बॉर्न’ का खूबसूरत सफ़ेद गाउन पहना, जबकि प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने MJ Bale का क्लासिक सूट चुना।
विवाह बंधन के लिए दोनों के अंगूठियाँ सिडनी के प्रसिद्ध सेरोन ज्वेलर्स द्वारा तैयार की गईं।
पहला नृत्य दोनों का अत्यंत रोमांटिक था, जब उन्होंने फ्रैंक सिनात्रा के अमर गीत ‘द वे यू लुक टुनाइट’ पर डांस किया।
छह वर्ष पहले पहली मुलाक़ात में ही “एक-दूसरे से तुरंत जुड़ने” की बात कहने वाले अल्बनीज़ और हेडन अब इतिहास बना चुके हैं—
वे ऑस्ट्रेलिया के इतिहास में पद पर रहते हुए विवाह करने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि नवविवाहित दंपति सोमवार से शुक्रवार तक ऑस्ट्रेलिया में ही निजी हनीमून पर रहेंगे। कुछ दिन पहले ही दोनों पलाउ द्वीप में छुट्टियाँ बिताकर लौटे थे।