ब्रासीलिया में शिव तांडव के साथ हुआ भव्य स्वागत, भारतीय समुदाय में उत्साह

ब्रासीलिया में शिव तांडव के साथ हुआ भव्य स्वागत, भारतीय समुदाय में उत्साह

ब्रासीलिया:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ब्राजील आगमन पर राजधानी ब्रासीलिया में उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया। विशेष रूप से "शिव तांडव" की दिव्य प्रस्तुति से उनका स्वागत हुआ, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद पीएम मोदी रियो डी जेनेरियो से ब्रासीलिया पहुंचे, जहां होटल में भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा और गीत-संगीत के साथ स्वागत समारोह ने एक उत्सव जैसा माहौल बना दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने होटल में आयोजित एक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने कलाकारों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और भारत-ब्राजील सांस्कृतिक संबंधों की सराहना की।

ब्रासीलिया में प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा से द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। चर्चा के मुख्य बिंदुओं में रणनीतिक साझेदारी को मजबूती देना, व्यापार, रक्षा सहयोग, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कृषि, स्वास्थ्य और टेक्नोलॉजी सहित दोनों देशों के बीच जनसंपर्क को बढ़ावा देना शामिल है।

इस राजकीय दौरे को भारत और ब्राजील के बीच संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने वाला कदम माना जा रहा है।

विदेश दौरे का क्रम:
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा उनके पांच देशों के दौरे का हिस्सा है। सबसे पहले उन्होंने घाना का दौरा किया, फिर त्रिनिदाद एंड टोबैगो, उसके बाद अर्जेंटीना, और अब वे ब्राजील में हैं। इस दौरे का अंतिम पड़ाव नामीबिया होगा।

प्रधानमंत्री मोदी की इस बहुपक्षीय यात्रा को वैश्विक मंच पर भारत की सशक्त उपस्थिति और रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।