पीएम मोदी का गुजरात दौरा : 34,200 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ, ‘समुद्र से समृद्धि’ पर फोकस

पीएम मोदी का गुजरात दौरा : 34,200 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ, ‘समुद्र से समृद्धि’ पर फोकस

भावनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर हैं। इस दौरान वे भावनगर से ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे और 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर समुद्री और बंदरगाह क्षेत्र से जुड़ी नई नीति की घोषणा भी की जाएगी और सरकार तथा निजी कंपनियों के बीच कई अहम समझौते होंगे।


भावनगर से होगी शुरुआत

दौरे की शुरुआत सुबह 10:30 बजे भावनगर से होगी, जहां प्रधानमंत्री मोदी एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे धोलेरा का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और दोपहर 1:30 बजे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। पीएम मोदी लोथल में बन रहे नेशनल मरीन हेरिटेज कॉम्प्लेक्स (एनएमएचसी) की प्रगति का भी जायजा लेंगे।


नेशनल मरीन हेरिटेज कॉम्प्लेक्स : भारत की समुद्री धरोहर का केंद्र

करीब 4,500 करोड़ रुपये की लागत से 375 एकड़ क्षेत्र में बन रहा यह कॉम्प्लेक्स भारत की प्राचीन समुद्री धरोहर को नई पहचान देगा। इसमें दुनिया का सबसे ऊंचा 77 मीटर ऊंचा लाइटहाउस म्यूजियम, 14 गैलरी, तटीय राज्यों का पवेलियन, चार थीम पार्क और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं होंगी। साथ ही 100 कमरों वाला टेंट सिटी और रिसॉर्ट, ई-कार सुविधा और 500 इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की जा रही है।


समुद्री विकास को नई दिशा

प्रधानमंत्री मोदी 7,870 करोड़ रुपये से अधिक की समुद्री परियोजनाओं की नींव रखेंगे। इसमें मुंबई अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन, कोलकाता पोर्ट पर नए कंटेनर टर्मिनल की आधारशिला, पारादीप पोर्ट पर कार्गो हैंडलिंग सिस्टम और कांडला के दीनदयाल पोर्ट में टुना टेकड़ा मल्टी-कार्गो टर्मिनल का विकास शामिल है। इसके अलावा एन्नोर, चेन्नई और कार निकोबार में भी नई परियोजनाओं की शुरुआत होगी।


गुजरात में 26,354 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण

गुजरात के ऊर्जा, स्वास्थ्य, राजमार्ग और शहरी परिवहन क्षेत्र में 26,354 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इसमें चारा पोर्ट पर एचपीएलएनजी रीगैसिफिकेशन टर्मिनल, गुजरात आईओसीएल रिफाइनरी में नए प्रोजेक्ट और पीएम-कुसुम योजना के तहत 475 मेगावाट सौर फीडर का उद्घाटन शामिल है।


धोरडो बना चौथा सौर गांव

कच्छ जिले का धोरडो गांव पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित होकर राज्य का चौथा सोलर गांव बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी इस परियोजना का भी लोकार्पण करेंगे। यहां 81 घरों में 177 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप पैनल लगाए गए हैं। मुफ्त बिजली योजना के तहत धोरडो में सभी आवासीय कनेक्शनों का सोलराइजेशन हो चुका है। यह गांव पहले से ही संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (UNWTO) द्वारा ‘बेस्ट टूरिज्म विलेज’ के रूप में मान्यता प्राप्त है।