वाराणसी, 2 अगस्त 2025 – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के सेवापुरी स्थित बनौली गांव में कुल 2183.45 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता का जिक्र करते हुए पाकिस्तान और आतंकवाद पर कड़ा संदेश दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा,
"भारत पर जो वार करेगा, वो पाताल में भी नहीं बचेगा। नया भारत भोलेनाथ को पूजता है, लेकिन ज़रूरत पड़ने पर कालभैरव भी बन जाता है।"
पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ सफल ऑपरेशन के बावजूद कुछ विपक्षी दल इसे "तमाशा" कह रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भारत की सैन्य ताकत से कुछ लोगों को तकलीफ हो रही है।
इस दौरे में प्रधानमंत्री ने 9.70 करोड़ किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त के तहत 20,500 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। अकेले काशी के 2.21 लाख किसानों को इसका सीधा लाभ मिला।
अपने संबोधन में पीएम ने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र दोहराया। उन्होंने कहा कि जो सामान भारत में बना है, उसमें हमारे देश का पसीना है और वही खरीदना हमारी जिम्मेदारी होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने मंच से दृष्टिबाधित छात्रा को लो विजन चश्मा भेंट कर संवाद किया। कुल 2025 दिव्यांगजनों को अत्याधुनिक उपकरण वितरित किए गए, जिनकी कीमत आम लोगों की पहुंच से पहले बाहर थी।
पीएम मोदी ने घोषणा की कि अब यूपी के लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर दुश्मन कोई पाप करेगा, तो यूपी में बनी मिसाइलें उन्हें मिटा देंगी।