प्रधानमंत्री मोदी आज वाराणसी से चार नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री मोदी आज वाराणसी से चार नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से देश को चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात देंगे। ये ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बंगलूरू मार्गों पर चलाई जाएंगी। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

बनारस से खजुराहो तक तीर्थ और संस्कृति का सफर

बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस वाराणसी, प्रयागराज और चित्रकूट जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले शहरों को जोड़ेगी। यह ट्रेन पर्यटन को नई गति देने के साथ-साथ यात्रियों को तेज और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी।

लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत: पश्चिमी यूपी के लिए राहत

लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत ट्रेन महज 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी। यह मार्ग लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आ रहा है। इससे क्षेत्रीय व्यापार और आवागमन में गति आएगी।

फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत: पंजाब-राजधानी के बीच तेज रफ्तार कड़ी

फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस इस मार्ग पर अब तक की सबसे तेज ट्रेन होगी, जो 6 घंटे 40 मिनट में सफर तय करेगी। यह ट्रेन बठिंडा, पटियाला और दिल्ली के बीच संपर्क को मजबूत बनाएगी। इससे न सिर्फ व्यापारिक अवसर बढ़ेंगे, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

एर्नाकुलम-बंगलूरू वंदे भारत: दक्षिण भारत की यात्रा अब और सुगम

एर्नाकुलम-बंगलूरू वंदे भारत एक्सप्रेस दक्षिण भारत के आईटी और औद्योगिक केंद्रों को जोड़ते हुए यात्रा का समय दो घंटे से अधिक घटाकर 8 घंटे 40 मिनट कर देगी। यह ट्रेन छात्रों, पेशेवरों और पर्यटकों के लिए तेज और आरामदायक सफर का नया विकल्प बनेगी।

काशी में सुरक्षा के सख्त इंतजाम

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार रात ही वाराणसी पहुंच चुके हैं। बरेका गेस्ट हाउस से लेकर वाराणसी रेलवे स्टेशन तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन के सभी प्रवेश द्वारों की निगरानी संभाल ली है। शनिवार सुबह 8 बजे प्रधानमंत्री चारों वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर नई यात्रा की शुरुआत करेंगे।

यह कार्यक्रम न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के रेल नेटवर्क को नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा। वंदे भारत एक्सप्रेस का यह नया अध्याय भारत की आधुनिक रेल यात्रा को और गति देगा।