नई दिल्ली, 17 अगस्त।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ट्रैफिक जाम और लंबी दूरी की परेशानी से राहत देने के लिए दो बड़े राष्ट्रीय राजमार्ग प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। करीब 11 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार द्वारका एक्सप्रेसवे (दिल्ली खंड) और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) रविवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के रोहिणी से जनता को समर्पित किए जाएंगे।
द्वारका एक्सप्रेसवे का 10.1 किलोमीटर लंबा दिल्ली हिस्सा 5,360 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इसके शुरू होने के बाद आईजीआई एयरपोर्ट तक पहुंचने का समय लगभग 40 मिनट कम हो जाएगा। यह खंड यशोभूमि, मेट्रो की ब्लू और ऑरेंज लाइन, आगामी बिजवासन रेलवे स्टेशन और द्वारका बस डिपो से बहु-मॉडल कनेक्टिविटी देगा।
पहला पैकेज: शिव मूर्ति इंटरसेक्शन से द्वारका सेक्टर-21 तक 5.9 किलोमीटर।
दूसरा पैकेज: द्वारका सेक्टर-21 से दिल्ली-हरियाणा सीमा तक 4.2 किलोमीटर, जो UER-2 से जुड़ेगा।
गौरतलब है कि एक्सप्रेसवे का 19 किलोमीटर लंबा हरियाणा खंड प्रधानमंत्री मोदी मार्च 2024 में पहले ही उद्घाटित कर चुके हैं।
इसके साथ ही पीएम मोदी दिल्ली के अलीपुर से दिघांव कलां तक बने हिस्से और बहादुरगढ़ व सोनीपत को जोड़ने वाले नए लिंक रोड का भी उद्घाटन करेंगे। लगभग 5,580 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना से रिंग रोड, मुकर्बा चौक, धौला कुआं और एनएच-09 पर दबाव कम होगा। औद्योगिक इलाकों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और माल ढुलाई तेज होगी।
इन नई परियोजनाओं से दिल्ली और एनसीआर के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। न सिर्फ सफर आसान होगा बल्कि राजधानी की प्रमुख सड़कों पर जाम की समस्या भी काफी कम हो जाएगी। पीएम मोदी का कहना है कि यह प्रोजेक्ट देश में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के उनके विजन की दिशा में अहम कदम है।