नई दिल्ली/गांधीनगर, 31 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को एक दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे, जहां वे राज्य में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इस दौरे को औद्योगिक विकास, सांस्कृतिक विरासत और अवसंरचना विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे गांधीनगर में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। यह संग्रहालय जैन धर्म की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहर को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से बनाया गया है। इसमें प्राचीन मूर्तियां, पांडुलिपियां, सिक्के, चित्रकला और अन्य दुर्लभ वस्तुएं सात दीर्घाओं में प्रदर्शित की गई हैं।
इसके पश्चात प्रधानमंत्री अहमदाबाद जिले के सानंद में स्थित केयन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना देश में सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने और ‘मेक इन इंडिया’ पहल को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इस अवसर पर भी प्रधानमंत्री एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
दोपहर बाद प्रधानमंत्री वाव-थराद क्षेत्र का दौरा करेंगे, जहां वे लगभग 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, ऊर्जा, जल आपूर्ति और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। यहां भी वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा महावीर जयंती के अवसर पर हो रहा है, जिसके तहत गांधीनगर के कोबा तीर्थ में स्थित संग्रहालय का उद्घाटन विशेष महत्व रखता है। यह संग्रहालय सम्राट संप्रति की स्मृति में स्थापित किया गया है, जो जैन धर्म के प्रचार-प्रसार और अहिंसा के सिद्धांतों के लिए प्रसिद्ध रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरे से गुजरात में निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, साथ ही देश के सेमीकंडक्टर सेक्टर को भी मजबूती मिलेगी।