अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर किए गए मिसाइल हमलों के बाद पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर खेल जगत पर भी देखने को मिला है। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु दुबई एयरपोर्ट पर फंस गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी।
सिंधु प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन में भाग लेने के लिए बर्मिंघम जा रही थीं। उनकी फ्लाइट का कनेक्शन दुबई में था, लेकिन क्षेत्रीय सुरक्षा हालात बिगड़ने के बाद दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अचानक लिए गए इस फैसले से हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं।
बताया जा रहा है कि एहतियातन दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल एयरपोर्ट न आएं और अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क में रहें।
सिंधु ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि वह सुरक्षित हैं, लेकिन स्थिति अनिश्चित बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हालात जल्द सामान्य होंगे ताकि वह समय पर टूर्नामेंट स्थल पहुंच सकें। ऑल इंग्लैंड ओपन की शुरुआत मंगलवार से होनी है और यह टूर्नामेंट विश्व बैडमिंटन कैलेंडर के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में से एक माना जाता है।
मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय खेल प्रेमियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सिंधु समय रहते बर्मिंघम पहुंच पाती हैं या नहीं। खेल मंत्रालय और संबंधित अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे कई देशों के यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उम्मीद की जा रही है कि हालात में सुधार के साथ उड़ानों का संचालन जल्द बहाल किया जाएगा।