न्यूयॉर्क, 19 अगस्त।
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर का सबसे व्यस्त इलाका टाइम्स स्क्वायर सोमवार सुबह अचानक खाली करवा लिया गया जब वहाँ एक संदिग्ध पैकेज मिलने की सूचना पर पुलिस और बम स्क्वॉड मौके पर पहुँचे।
घटना सुबह लगभग 10:30 बजे हुई जब टाइम्स स्क्वायर स्थित एनवाईपीडी (न्यूयॉर्क पुलिस विभाग) स्टेशन के बाहर सिलेंडरनुमा वस्तु पाई गई। पुलिस ने तुरंत क्षेत्र को घेराबंदी कर पैदल यात्रियों, वाहनों और साइकिलों की आवाजाही रोक दी। आसपास की सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और लोगों को इलाके से दूर रहने की अपील की गई।
करीब एक घंटे तक चली जाँच के बाद बम स्क्वॉड ने क्षेत्र को सुरक्षित घोषित किया। दोपहर तक टाइम्स स्क्वायर को दोबारा खोल दिया गया और यातायात बहाल हो गया।
घटना के दौरान आमतौर पर चहल-पहल से भरे इस इलाके की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हेलीकॉप्टरों की गड़गड़ाहट और पुलिस सायरनों की आवाज़ से माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया। 42वीं स्ट्रीट स्थित टाइम्स स्क्वायर सबवे स्टेशन, जो न्यूयॉर्क का सबसे व्यस्त स्टेशन है, एहतियातन खाली कराया गया, हालांकि मेट्रो सेवाएँ बाधित नहीं हुईं।
पुलिस ने कहा कि जाँच पूरी होने तक इलाके में अफवाहों से बचें और सतर्क रहें। फिलहाल, पैकेज की प्रकृति और इसके पीछे किसी आशंका की पुष्टि नहीं की गई है।