सीनेट में फिर बुर्का पहनकर पहुँची पॉलिन हैनसन, मुस्लिम सांसदों की कड़ी प्रतिक्रिया

सीनेट में फिर बुर्का पहनकर पहुँची पॉलिन हैनसन, मुस्लिम सांसदों की कड़ी प्रतिक्रिया

कैनबरा, 24 नवंबर 2025
ऑस्ट्रेलिया की वन नेशन पार्टी की सांसद पॉलिन हैनसन ने सोमवार को एक बार फिर बुर्का पहनकर सीनेट में प्रवेश किया, जिसके बाद सदन में तीखी बहस और हंगामा शुरू हो गया।

हैनसन ने यह प्रदर्शन उस समय किया जब उनके धार्मिक बुर्का पर प्रतिबंध लगाने संबंधी विधेयक को सदन में पेश करने की अनुमति नहीं दी गई।

यह पहली बार नहीं है कि पॉलिन हैनसन ने बुर्का पहनकर विरोध दर्ज कराया हो। इससे पहले वर्ष 2017 में भी उन्होंने ऐसा कदम उठाया था, जिसे व्यापक आलोचना का सामना करना पड़ा था।

सोमवार को दोबारा किए गए इस प्रदर्शन ने भी समान विवाद को जन्म दिया। ऑस्ट्रेलिया की गिनी–चुनी मुस्लिम सांसदों में से एक, सीनेटर फातिमा पेमन ने हैनसन के कदम पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए कहा:

“क्या आप अभी-अभी अफ़ग़ानिस्तान से लौटकर आई हैं? वाकई शर्मनाक। शर्म कीजिए।”

हैनसन के इस कदम को कई सांसदों ने उत्तेजक, असंवेदनशील और विभाजनकारी राजनीति का उदाहरण बताया। वहीं, कुछ सदस्यों ने कहा कि ऐसे प्रदर्शन संसद के गरिमामय वातावरण को आघात पहुँचाते हैं।

हालाँकि हैनसन ने अपने इस कदम को “धार्मिक कट्टरता के विरोध” और “राष्ट्रीय सुरक्षा” से जुड़ा मामला बताया, लेकिन आलोचकों का मानना है कि यह अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाने वाली राजनीति है।

सदन में हुई इस तीखी नोकझोंक के बाद भी सरकार की ओर से बुर्का प्रतिबंध पर किसी विधेयक को समर्थन देने की कोई संकेत नहीं मिला है।