सिडनी (दक्षिण-पश्चिम): ऑस्ट्रेलिया के सिडनी के मैक्वेरी फील्ड्स इलाके में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक लग्ज़री पोर्शे मैकन कार एक घर में घुस गई और सीधे बिस्तर पर आकर रुक गई। हादसा तड़के करीब 4:20 बजे ईवलीन स्ट्रीट पर हुआ।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, पोर्शे पहले एक इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसफार्मर से टकराई, फिर एक मकान की बाउंड्री फेंस तोड़ती हुई अंदर जा घुसी और अंत में घर के एक कमरे में बिस्तर पर आकर रुक गई।
गौर करने वाली बात यह रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि कार में सवार दो व्यक्ति दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।
स्थानीय निवासी दहशत में
घटना की तस्वीरों में घर के सामने भारी मलबा, टूटी हुई दीवारें और घर के अंदर अटकी हुई कार साफ दिखाई दे रही है। कार को सुबह ही मौके से टो कर के हटा दिया गया।
इस क्षेत्र के लोगों ने इस घटना को चमत्कार बताया क्योंकि अगर घर में कोई सो रहा होता तो यह दुर्घटना जानलेवा साबित हो सकती थी।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर किसी ने इस घटना के बारे में कुछ देखा हो या दो संदिग्ध व्यक्तियों को भागते हुए देखा हो तो तुरंत जानकारी साझा करें।
हाइलाइट्स:
पोर्शे मैकन कार मकान में घुसी, बिस्तर पर जा गिरी
हादसे में कोई घायल नहीं, घर खाली था
कार सवार दो लोग फरार
पुलिस कर रही है जांच और तलाश