प्रिंस हैरी ने अपने भाई प्रिंस विलियम को लेकर चिंता की खबरों को खारिज किया

प्रिंस हैरी ने अपने भाई प्रिंस विलियम को लेकर चिंता की खबरों को खारिज किया

लंदन। प्रिंस हैरी ने उन दावों को सिरे से खारिज किया है जिनमें कहा गया था कि वह अपने भाई प्रिंस विलियम के भविष्य में राजा बनने को लेकर चिंतित हैं। एक शाही प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि हैरी का फोकस अब सुलह और पारिवारिक संबंधों को सुधारने पर है।

दरअसल, हाल ही में एक साक्षात्कार में शाही जीवनी लेखक टॉम बाउर ने दावा किया था कि हैरी को यह डर सता रहा है कि जब प्रिंस विलियम राजा बनेंगे, तो वह उन्हें ब्रिटेन से बाहर कर सकते हैं और उनका कोई आधिकारिक दर्जा नहीं रहेगा। बाउर ने The Mirror से बातचीत में कहा, “हैरी को गंभीर चिंता है कि एक दिन जब उनके पिता (किंग चार्ल्स) नहीं रहेंगे, तब विलियम उन्हें देश से बाहर कर देंगे और उनका ब्रिटेन में कोई रुतबा नहीं रहेगा।”

हालांकि, हैरी की टीम ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने GB News से कहा, “ये अजीब है कि जो लोग हैरी को सबसे कम जानते हैं, वही उनके बारे में सबसे ज्यादा बातें करते हैं। इनमें कोई सच्चाई नहीं है।”

प्रवक्ता ने यह भी कहा कि हैरी फिलहाल अपने पिता किंग चार्ल्स और भाई प्रिंस विलियम के साथ संबंध सुधारने की दिशा में काम कर रहे हैं।

गौरतलब है कि प्रिंस हैरी और प्रिंस विलियम के बीच पिछले कुछ वर्षों से दूरी बनी हुई है, खासकर जबसे हैरी और उनकी पत्नी मेघन ने शाही परिवार के दायित्वों से खुद को अलग कर लिया था और अमेरिका में बस गए थे। हालांकि, यह स्पष्ट कर दिया गया है कि हैरी का मकसद अब रिश्तों को लेकर सुलह की कोशिश करना है, न कि किसी प्रकार की टकराव की स्थिति पैदा करना।