ओस्लो/लंदन।
नॉर्वे के शाही परिवार से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया है। राजकुमारी मेटे-मैरिट के बेटे और नॉर्वे के युवराज हाकोन के सौतेले बेटे मारियस बोर्ग होइबी पर बलात्कार और यौन हिंसा सहित 32 गंभीर अपराधों का अभियोग दर्ज हुआ है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, मारियस ने ज्यादातर हमले उन महिलाओं पर किए जो सो रही थीं। आरोपों में चार बलात्कार के मामले, चार यौन उत्पीड़न, शारीरिक क्षति पहुंचाने के दो प्रकरण और कई अन्य हिंसक घटनाएँ शामिल हैं। अभियोजकों का कहना है कि इनमें उसकी पूर्व प्रेमिका नोरा हॉकलैंड के साथ दुर्व्यवहार और एक अन्य गर्लफ्रेंड के साथ हिंसा भी दर्ज है।
राज्य अटॉर्नी स्टर्ला हेनरिक्सबो ने कोर्ट में कहा कि यह मामला न केवल गंभीर है, बल्कि ऐसे अपराध जीवनभर के घाव छोड़ सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी शाही परिवार का हिस्सा है, लेकिन न्याय के पैमाने पर उसके साथ कोई अलग व्यवहार नहीं होगा।
जनवरी से शुरू होने वाली छह हफ्ते की सुनवाई के बाद होइबी को 10 साल की जेल हो सकती है। जांच में पुलिस को टेक्स्ट संदेश, गवाहों के बयान और तलाशी से मिले सबूत अहम माने जा रहे हैं। हालांकि, राजकुमार ने पूछताछ के दौरान पुलिस के साथ सहयोग किया।
मारियस बोर्ग होइबी की शाही परिवार में कोई आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं है। उनका जन्म 2001 में राजकुमारी मेटे-मैरिट के विवाह से पहले हुआ था। बावजूद इसके, इस मामले ने पूरे नॉर्वे और यूरोप में शाही परिवार की साख पर गहरा असर डाला है।