लंबे समय से हिंदी सिनेमा से दूरी बनाए रखने वाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर बॉलीवुड में सुर्खियों में हैं। एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ में मुख्य भूमिका निभाने के बाद अब खबरें हैं कि वह ऋतिक रोशन की सुपरहीरो फ्रेंचाइजी ‘कृष 4’ का भी हिस्सा बन सकती हैं।
फिल्मी गलियारों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, ‘कृष 4’ में फीमेल लीड को लेकर असमंजस की स्थिति अब लगभग खत्म हो गई है। बताया जा रहा है कि मेकर्स ने इस भूमिका के लिए प्रियंका चोपड़ा के नाम पर मुहर लगा दी है। हालांकि, अभी तक फिल्म की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
गौरतलब है कि प्रियंका चोपड़ा पहले भी ‘कृष’ फ्रेंचाइजी की दो फिल्मों में अहम भूमिका निभा चुकी हैं। ऋतिक रोशन के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। ऐसे में उनकी वापसी की खबर ने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।
अगर यह खबर सही साबित होती है, तो ‘कृष 4’ प्रियंका चोपड़ा की लंबे समय बाद किसी बड़े हिंदी प्रोजेक्ट में वापसी होगी। फिलहाल दर्शक आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इतना तय है कि प्रियंका की संभावित वापसी से फिल्म को लेकर बज़ और भी बढ़ गया है।