कैनबरा, 22 जुलाई 2025:
जैसे ही सांसद और सेनेटर पहली बार संघीय चुनाव के बाद संसद के लिए लौटे, पार्लियामेंट हाउस के बाहर फिलिस्तीन के पक्ष में प्रदर्शन हुआ। यह प्रदर्शन गाजा में बच्चों की मौत के खिलाफ किया गया, जिसमें प्रदर्शनकारी शहीद बच्चों के प्रति अपनी संवेदना जताने के लिए बच्चो के लिए लपेटे गए गुड़िया और फिलिस्तीनी झंडे लेकर आए थे।
प्रदर्शनकारियों ने “इज़राइल पर तुरंत प्रतिबंध लगाओ” और “गाजा में रोज़ाना 28 बच्चे मारे जा रहे हैं” जैसे नारे लगाए। ये प्रदर्शन संसद के पीछे के प्रवेश द्वार पर हुए, जहाँ प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानेसे और उनके पुत्र ने एक दिन पहले ही प्रवेश किया था।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गाजा में नागरिकों की स्थिति भयावह है और मानवता को शर्मसार करने वाला है कि रोज़ाना बच्चों समेत इतने लोग मारे जा रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया सरकार से अपील की कि वह इज़राइल पर कड़े प्रतिबंध लगाए।
ऑस्ट्रेलिया समेत 26 देशों ने हाल ही में एक संयुक्त बयान में कहा है कि गाजा में युद्ध तुरंत खत्म होना चाहिए। उन्होंने इज़राइल पर “सहायता की लगातार रोकथाम” और “नागरिकों की अमानवीय हत्या” के लिए कड़ी निंदा की। बयान में कहा गया कि गाजा की जनता को मूलभूत जरूरतों जैसे पानी और भोजन तक पहुंच देने में रोक लगाना अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों का उल्लंघन है।
दूसरी ओर, विपक्षी नेता और कुछ अन्य नेताओं ने इस विवाद पर अलग दृष्टिकोण रखा। उन्होंने कहा कि यह ध्यान रखना जरूरी है कि इस संघर्ष की शुरुआत कहाँ हुई और इसे खत्म करने की जिम्मेदारी किसकी है। उन्होंने कहा कि हमले की शुरुआत 7 अक्टूबर 2023 को हमास के आतंकवादी हमले से हुई थी, जिसमें कई निर्दोष नागरिक मारे गए और कई लोग बंधक बनाए गए।
विपक्षी नेता ने कहा कि गाजा में अभी भी कई बंधक हैं, और इस संकट को तभी खत्म किया जा सकता है जब हमास उन बंधकों को मुक्त करे। उन्होंने कहा कि हम गाजा में सहायता पहुंचाने के पक्षधर हैं, लेकिन इस संघर्ष का मुख्य कारण हमास का आतंकवादी नियंत्रण है।
विपक्ष की विदेश मामलों की प्रवक्ता माइकेलिया कैश ने कहा कि उन्हें यह निराशाजनक लगा कि सरकार इज़राइल की आलोचना कर रही है। उन्होंने कहा कि युद्ध की शुरुआत हमास के हमले से हुई, और हमास ही गाजा की जनता के दुखों का मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि हमास अपने हथियार डालकर और बंधकों को छोड़कर गाजा के लोगों के कष्ट को समाप्त कर सकता है।