MH370 की नई खोज का प्रस्ताव: ऑस्ट्रेलिया के पश्चिमी तट से 1100 किमी दूर फिर तलाश की तैयारी

MH370 की नई खोज का प्रस्ताव: ऑस्ट्रेलिया के पश्चिमी तट से 1100 किमी दूर फिर तलाश की तैयारी

लापता मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान MH370 की तलाश को लेकर एक बार फिर नई उम्मीद जगी है। अमेरिका के कंसास स्थित व्यवसायी रैंडी रोल्सटन ने विमान के संभावित क्रैश स्थल को लेकर एक नई रिपोर्ट जारी की है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पश्चिमी तट से लगभग 1100 किलोमीटर दूर हिंद महासागर में एक नए क्षेत्र में खोज अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा है।

रोल्सटन के अनुसार, यह संभावित क्षेत्र करीब 1000 वर्ग किलोमीटर में फैला है। उन्होंने विशेष रूप से 10 नॉटिकल माइल की एक पट्टी में लक्षित खोज अभियान चलाने की सिफारिश की है। उनका मानना है कि विमान पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के गैस्कोय्न क्षेत्र के कोरल बे से पूर्व दिशा में समुद्र में गिरा हो सकता है। यह स्थान उस इलाके से लगभग 1600 किलोमीटर उत्तर में है, जिसे अब तक जांच एजेंसियां सबसे संभावित क्षेत्र मानती रही हैं।

क्या हुआ था MH370 के साथ?

Malaysia Airlines की उड़ान MH370 ने 8 मार्च 2014 की रात कुआलालंपुर से बीजिंग के लिए उड़ान भरी थी। विमान में कुल 239 लोग सवार थे, जिनमें 227 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य शामिल थे।

उड़ान भरने के करीब 38 मिनट बाद दक्षिण चीन सागर के ऊपर विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से अंतिम संपर्क हुआ। इसके बाद विमान अपने निर्धारित मार्ग से हट गया और रडार से पूरी तरह गायब हो गया।

बाद में सैटेलाइट डाटा के विश्लेषण से पता चला कि विमान संपर्क टूटने के बाद भी लगभग छह घंटे तक उड़ता रहा। वर्ष 2015 में विमान के कुछ मलबे हिंद महासागर के विभिन्न हिस्सों में मिले, लेकिन अब तक किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य के शव बरामद नहीं किए जा सके हैं।

12वीं बरसी से पहले नई उम्मीद

मार्च 2026 में इस रहस्यमयी घटना को 12 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में रैंडी रोल्सटन की यह नई रिपोर्ट एक बार फिर खोज अभियान शुरू करने की संभावना को जन्म दे रही है। हालांकि, आधिकारिक एजेंसियों की ओर से अभी तक इस प्रस्ताव पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

MH370 का लापता होना आज भी आधुनिक विमानन इतिहास की सबसे बड़ी और रहस्यमयी घटनाओं में से एक माना जाता है। पीड़ित परिवार अब भी अपने प्रियजनों के बारे में सच्चाई सामने आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।