सिडनी: न्यू साउथ वेल्स (NSW) सरकार द्वारा विभिन्न विभागों और एजेंसियों में किए गए कर्मचारियों की कटौतियों को लेकर पब्लिक सेक्टर वर्कर्स और यूनियनों ने कड़ी नाराजगी जताई है।
इस सप्ताह WaterNSW ने घोषणा की कि वह 300 कर्मचारियों की छंटनी करेगा, जिसका कारण $80 मिलियन की नकदी संकट बताया गया है। यह संकट NSW Independent Pricing and Regulatory Tribunal द्वारा जल दरों पर लिए गए फैसले के चलते पैदा हुआ है।
"यह बेहद चिंता का विषय है", Public Service Association के महासचिव स्टुअर्ट लिटिल ने कहा। उन्होंने आगाह किया कि इन कटौतियों का प्रभाव जल सुरक्षा, बाढ़ नियंत्रण और प्राकृतिक आपदा प्रतिक्रिया जैसे अहम क्षेत्रों पर पड़ेगा।
"ये बेहद जरूरी नौकरियां हैं। हमें समझ नहीं आता कि मंत्रालय या सचिव इन पदों को कैसे खत्म कर सकते हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में कुशल कर्मचारियों की पहले ही भारी कमी है, और एक बार ये पद खत्म हो गए तो वापस नहीं आएंगे," लिटिल ने कहा।
Australian Services Union के NSW सचिव अंगस मैकफारलैंड ने इस फैसले को "चौंकाने वाला" और "विनाशकारी" बताया।
"यह न केवल कर्मचारियों के लिए, बल्कि पूरे न्यू साउथ वेल्स के नागरिकों के लिए बुरा दिन है। ऐसे समय में जब जलवायु परिवर्तन और बाढ़ जैसी आपदाएं बढ़ रही हैं, इस प्रकार की कटौती समझ से परे है।"
इस निर्णय से पहले Transport for NSW से 950, Department of Primary Industries and Regional Development से 165 और TAFE NSW से 100 पदों को समाप्त करने की घोषणा की जा चुकी है। हालांकि सरकार का दावा है कि कुछ प्रभावित कर्मचारियों को अन्य विभागों में पुनः नियुक्त किया जाएगा।
सरकार की ओर से इन कटौतियों के लिए पिछली कोएलिशन सरकार को जिम्मेदार ठहराया गया है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि पिछली सरकार के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की संख्या में 29% की वृद्धि हुई थी, जिसके कारण सहायक और प्रशासनिक कर्मचारियों की भी अधिक भर्ती करनी पड़ी।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, Transport for NSW में 2021 से 2023 के बीच वरिष्ठ अधिकारियों की संख्या में 30% की वृद्धि हुई, जबकि Primary Industries विभाग में 1000 से अधिक कर्मचारियों की नियुक्ति हुई।
सरकार का कहना है कि वे इस "असंतुलन" को सुधारने की दिशा में कार्य कर रहे हैं और वरिष्ठ अधिकारियों की संख्या में 15% की कटौती का लक्ष्य रखा है।
लेकिन स्टुअर्ट लिटिल का आरोप है कि सरकार आम कर्मचारियों की छंटनी करके वरिष्ठ अधिकारियों की बेतहाशा वृद्धि पर लगाम लगाने में विफल रही है।
"जब यह सरकार सत्ता में आई थी तब 4300 वरिष्ठ अधिकारी थे, जिनमें से अकेले ट्रांसपोर्ट विभाग में 1300 थे। अब यह घटाकर 1100 कर दिया गया है, लेकिन फिर भी यह स्वास्थ्य, शिक्षा और न्याय विभागों को मिलाकर भी ज्यादा है।"
NSW पब्लिक सेक्टर ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा नियोक्ता है। NSW Public Sector Report के अनुसार, 2023 से 2024 के बीच फुल-टाइम कर्मचारियों की संख्या 2.7% बढ़कर 391,451 हो गई है। इसमें स्वास्थ्य, क्राउन सर्विस, पब्लिक सर्विस और ट्रांसपोर्ट विभाग शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों की नियुक्तियों में निवेश किया है, लेकिन आम जनता और यूनियनों का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है।