सिडनी मेट्रो – वेस्टर्न सिडनी एयरपोर्ट परियोजना ने एक अहम मुकाम छू लिया है। पश्चिमी सिडनी इंटरनेशनल (नैंसी-बर्ड वॉल्टन) एयरपोर्ट से जुड़ने वाले नए मेट्रो स्टेशन ‘एयरपोर्ट टर्मिनल स्टेशन’ के अंदर का पहला दृश्य सामने आया है, जिसमें सिडनी मेट्रो नेटवर्क के अब तक के सबसे चौड़े प्लेटफॉर्म शामिल हैं। ये प्लेटफॉर्म सिडनी सीबीडी के गेडीगल स्टेशन की तुलना में दोगुने चौड़े, यानी 10 मीटर, होंगे, जिससे भारी संख्या में यात्रियों और उनके सामान को आसानी से आवागमन की सुविधा मिलेगी।
स्टेशन पर बड़े लिफ्ट और चौड़े टिकट गेट भी लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को हवाई अड्डे से मेट्रो तक का सफर और आसान हो। ऑस्ट्रेलियाई और न्यू साउथ वेल्स सरकार की संयुक्त फंडिंग से बन रही 23 किलोमीटर लंबी इस लाइन पर हर दिशा में प्रति घंटे 7,740 यात्री यात्रा कर सकेंगे। यह छह-स्टेशन वाली लाइन हवाई अड्डे को मात्र 15 मिनट में सेंट मेरीज़ से जोड़ेगी, जहां से यात्री सीधे ब्लैकटाउन, पैरामैट्टा, स्ट्रैथफील्ड और सेंट्रल स्टेशन तक जाने वाली T1 वेस्टर्न लाइन पकड़ सकेंगे।
निर्माण में 60 टन के क्रेन का उपयोग कर 25 मीटर गहराई तक प्रीकास्ट कंक्रीट सेगमेंट लगाए जा रहे हैं, जिन्हें जोड़कर प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। इस सटीक इंजीनियरिंग कार्य को 25 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद निर्माण कार्य एयरपोर्ट बिज़नेस पार्क और ऑर्चर्ड हिल्स स्टेशनों पर आगे बढ़ेगा। ब्रैडफील्ड स्टेशन पर प्लेटफॉर्म इंस्टॉलेशन पहले ही पूरा हो चुका है।
अन्य मेट्रो परियोजनाओं में भी प्रगति
सिडनी मेट्रो – वेस्टर्न सिडनी एयरपोर्ट के साथ-साथ, सिडनहम से बैंकस्टाउन मेट्रो परिवर्तन और सिडनी मेट्रो वेस्ट परियोजनाओं में भी हाल में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है — बैंकस्टाउन स्टेशन का 80% काम पूरा हो चुका है, पैरामैट्टा और पायर्मोंट में टनल बोरिंग मशीनों ने ब्रेकथ्रू हासिल किया है और मेट्रो वेस्ट की 90% टनलिंग समाप्त हो चुकी है।
सरकार और नेताओं की प्रतिक्रियाएँ
एनएसडब्ल्यू प्रीमियर क्रिस मिन्स ने कहा कि यह परियोजना नए शहर और एयरपोर्ट को नौकरियों और व्यापार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। संघीय परिवहन मंत्री कैथरीन किंग ने कहा कि यह हवाई अड्डा और मेट्रो ऑस्ट्रेलिया के सबसे आधुनिक बुनियादी ढांचे का उदाहरण होंगे। एनएसडब्ल्यू परिवहन मंत्री जॉन ग्राहम ने स्टेशन को एयरपोर्ट की सफलता का प्रमुख केंद्र बताया, जबकि सांसद ऐनी स्टेनली और नाथन हैगर्टी ने इसे स्थानीय रोजगार, आवास और कनेक्टिविटी के लिए ऐतिहासिक कदम कहा।
$10.5 बिलियन की यह परियोजना दोनों सरकारों द्वारा बराबर हिस्सेदारी में वित्तपोषित है और वर्तमान में 3,000 से अधिक कर्मचारी साइट पर काम कर रहे हैं।