आठ साल पुरानी निजी चैट लीक होने पर भड़कीं रश्मिका मंदाना, 24 घंटे में हटाने की चेतावनी

आठ साल पुरानी निजी चैट लीक होने पर भड़कीं रश्मिका मंदाना, 24 घंटे में हटाने की चेतावनी

मुंबई। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं, लेकिन इसी बीच एक नया विवाद भी सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर उनकी कथित आठ साल पुरानी निजी बातचीत की ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद अभिनेत्री ने नाराज़गी जताते हुए इसे फैलाने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

रश्मिका मंदाना ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए कहा कि कुछ लोग पिछले कई वर्षों से उनके बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं और निजी बातचीत को संदर्भ से हटाकर पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला अब उनकी सहनशीलता की सीमा से बाहर हो गया है।

अभिनेत्री के अनुसार, वायरल हो रही ऑडियो क्लिप लगभग आठ साल पुरानी एक निजी बातचीत का हिस्सा है, जिसे बिना अनुमति के रिकॉर्ड कर लिया गया और अब सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है। रश्मिका ने इसे भ्रामक और मानहानि करने वाला बताया।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि पिछले आठ वर्षों से वह ऑनलाइन फैल रही गलत सूचनाओं और उत्पीड़न को नजरअंदाज करती रही हैं। हालांकि, हाल के घटनाक्रम ने उन्हें इस मामले में खुलकर आवाज उठाने के लिए मजबूर कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस विवाद की वजह से उनके परिवार और करीबी लोगों को भी बेवजह परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रश्मिका ने उन सभी इन्फ्लुएंसर्स और सोशल मीडिया यूज़र्स से अपील की है जो इस क्लिप को शेयर कर रहे हैं कि वे इसे तुरंत हटा दें। उन्होंने चेतावनी दी कि संबंधित लोगों को कंटेंट हटाने के लिए 24 घंटे का समय दिया जा रहा है। यदि इसके बाद भी इसे साझा किया जाता रहा, तो वह कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होंगी।

अभिनेत्री ने कहा कि यह कदम उन्होंने हल्के में नहीं उठाया है, बल्कि अपनी गरिमा, निजी जीवन और मानसिक शांति की रक्षा के लिए यह आवश्यक हो गया है।

रिपोर्टों के अनुसार, वायरल ऑडियो क्लिप कथित तौर पर 2018 की है और इसमें रश्मिका मंदाना और उनकी मां के बीच हुई बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। यह बातचीत उस समय की बताई जा रही है जब रश्मिका और कन्नड़ अभिनेता-फिल्म निर्माता रक्षित शेट्टी की सगाई टूट गई थी।

अपने पोस्ट के अंत में रश्मिका ने उन लोगों का आभार भी व्यक्त किया जिन्होंने वर्षों से उन्हें समर्थन और समझ दी है। उन्होंने लिखा कि वह अपने समर्थकों के प्यार और भरोसे के लिए आभारी हैं और किसी भी अनजान व्यक्ति को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि उन्हें अपना जीवन कैसे जीना चाहिए।