भारतीय क्रिकेट के लिए 30 जुलाई 2025 का दिन ऐतिहासिक बन गया है। जहां एक ओर अनुभवी हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में आईसीसी की ताज़ा रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर के रूप में अपनी पकड़ और मज़बूत कर ली है, वहीं दूसरी ओर युवा सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने टी20 क्रिकेट में शीर्ष स्थान हासिल कर भारत का परचम बुलंद किया है।
मैनचेस्टर टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए जडेजा ने नाबाद 107 रन की पारी खेली और चार अहम विकेट भी झटके। इस बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत उन्हें 13 अतिरिक्त रेटिंग अंक मिले और उनकी कुल रेटिंग 422 हो गई, जिससे वह बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज से 117 अंकों की बढ़त लेकर पहले स्थान पर काबिज़ हो गए हैं।
सिर्फ ऑलराउंडर रैंकिंग ही नहीं, बल्लेबाज़ी रैंकिंग में भी जडेजा ने पांच स्थानों की छलांग लगाकर 29वें, और गेंदबाज़ी रैंकिंग में एक पायदान ऊपर चढ़कर 14वें स्थान पर जगह बना ली है।
टी20 क्रिकेट में भारत के युवा सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने पहली बार आईसीसी टी20 बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने 829 रेटिंग अंकों के साथ लंबे समय से शीर्ष पर बने ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड (814 अंक) को पीछे छोड़ दिया है।
बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज़ ने हाल के टी20 मुकाबलों में आक्रामक और जिम्मेदारीपूर्ण बल्लेबाज़ी से सभी को प्रभावित किया है, और अब वह दुनिया के सबसे भरोसेमंद टी20 बल्लेबाज़ों में गिने जा रहे हैं।
वॉशिंगटन सुंदर ने जडेजा के साथ मिलकर मैनचेस्टर टेस्ट में 203 रनों की साझेदारी निभाई और रैंकिंग में 8 पायदान ऊपर चढ़कर 65वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
जोफ्रा आर्चर की टेस्ट टीम में वापसी शानदार रही और वह 38 स्थानों की छलांग लगाकर 63वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
बल्लेबाज़ी रैंकिंग में जो रूट पहले, केन विलियमसन दूसरे, और बेन स्टोक्स तीसरे स्थान पर हैं।
हिंदुस्तान के लिए गर्व का क्षण
रवींद्र जडेजा और अभिषेक शर्मा की यह उपलब्धियां भारतीय क्रिकेट की ताकत और निरंतरता को दर्शाती हैं। एक तरफ अनुभवी खिलाड़ी का अनुभव चमक रहा है, तो दूसरी ओर युवा सितारों की प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रौशन कर रही है।
हिंदी गौरव की ओर से दोनों खिलाड़ियों को ढेर सारी बधाई!