सिडनी, 18 दिसंबर
बॉन्डी बीच पर हुए भयावह हमले के बाद ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों ने एकजुटता और मानवता की मिसाल पेश करते हुए रिकॉर्ड संख्या में रक्तदान किया है। इस अभूतपूर्व प्रतिक्रिया के बावजूद ऑस्ट्रेलियन रेड क्रॉस लाइफब्लड ने रक्त और प्लाज़्मा की निरंतर आवश्यकता को देखते हुए देशवासियों से आगे भी रक्तदान जारी रखने की अपील की है।
लाइफब्लड के अनुसार, हमले के बाद पहले 24 घंटों में ही देशभर में 50,000 से अधिक रक्तदान अपॉइंटमेंट बुक किए गए, जबकि 7,810 यूनिट रक्त, प्लाज़्मा और प्लेटलेट्स का दान किया गया। इनमें से करीब 1,300 दानकर्ता पहली बार रक्तदान करने वाले थे।
इसके बाद के दिनों में भी यह सिलसिला जारी रहा। अब तक कुल 41,196 अतिरिक्त अपॉइंटमेंट और 18,210 दान दर्ज किए जा चुके हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 26,000 रक्तदान और 90,000 अपॉइंटमेंट किए गए हैं।
लाइफब्लड के एक प्रवक्ता ने कहा,
“हम उन सभी लोगों का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने केंद्रों पर आकर या भविष्य के लिए अपॉइंटमेंट लेकर इस कठिन समय में सहयोग दिया। हालांकि, रक्त और प्लाज़्मा की आवश्यकता लगातार बनी रहती है। किसी गंभीर आपात स्थिति में एक ही व्यक्ति की जान बचाने के लिए 100 यूनिट तक रक्त की जरूरत पड़ सकती है।”
सिडनी के टाउन हॉल डोनर सेंटर सहित कई केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं, जो इस राष्ट्रीय त्रासदी के बाद लोगों की संवेदनशीलता और एकजुटता को दर्शाती हैं।
राज्यवार आंकड़ों में न्यू साउथ वेल्स सबसे आगे रहा, जहां 7,897 दान किए गए। इसके बाद विक्टोरिया (6,918) और क्वींसलैंड (4,790) का स्थान रहा। वहीं, लगभग 25,000 नए दानकर्ताओं ने पहली बार रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया।
लाइफब्लड ने लोगों से अपील की है कि वे वॉक-इन की बजाय पहले से अपॉइंटमेंट बुक करें, जिससे प्रतीक्षा समय कम हो सके। रक्त या प्लाज़्मा दान के इच्छुक लोग lifeblood.com.au वेबसाइट, 13 14 95 हेल्पलाइन या लाइफब्लड ऐप के माध्यम से अपॉइंटमेंट ले सकते हैं।