अमेरिकी पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट के सुरक्षा घेरे को हाल के दिनों में और भी मजबूत किया गया है। वजह है—यूटा में 10 सितंबर को अमेरिकी दक्षिणपंथी नेता और प्रभावशाली वक्ता चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या। इस घटना के बाद से स्विफ्ट और उनकी टीम को आशंका है कि गायक को भी निशाना बनाया जा सकता है।
रविवार को जब टेलर स्विफ्ट अपने बॉयफ्रेंड और फुटबॉल खिलाड़ी ट्रैविस केल्स का मैच देखने कैनसस सिटी के एरोहेड स्टेडियम पहुंचीं, तो उन्हें और उनकी मां एंड्रिया को सुरक्षा एजेंट्स ने बुलेटप्रूफ स्क्रीन के पीछे छिपाकर अंदर ले जाया। सूत्रों का कहना है कि आमतौर पर इस तरह की सुरक्षा सिर्फ राष्ट्रपति जैसे वीआईपी को दी जाती है, लेकिन इस बार हालात असामान्य थे।
डेली मेल से जुड़े सूत्र ने दावा किया कि अगर कोई चार्ली किर्क की हत्या का बदला लेना चाहे, तो टेलर एक “लॉजिकल टारगेट” हो सकती हैं, क्योंकि वह खुलकर उदारवादी (लिबरल) विचार रखती हैं।
किर्क की हत्या के आरोपी 22 वर्षीय टायलर रॉबिन्सन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेश किए गए सबूतों के मुताबिक, रॉबिन्सन ने अपने रूममेट को मैसेज में लिखा था कि उसने चार्ली किर्क को “निशाना बनाने का अवसर” पाया और वह ऐसा करने जा रहा है। बाद में उसने स्वीकार भी किया कि हत्या उसी ने की।
हैरानी की बात यह है कि हत्या से कुछ दिन पहले ही किर्क ने टेलर स्विफ्ट और ट्रैविस केल्स की सगाई पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि उम्मीद है इस रिश्ते से टेलर “अधिक रूढ़िवादी” बनेंगी और अपने भावी पति के आगे “समर्पित” होंगी।
अब टेलर स्विफ्ट की हर सार्वजनिक उपस्थिति पर सुरक्षा एजेंसियां कड़ी नजर रख रही हैं। उनके कार्यक्रमों और स्टेडियम एंट्री पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतज़ाम किए जा रहे हैं। टीम को डर है कि कहीं उन्हें भी राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार न बना दिया जाए।