महिला सांसदों को आगे कर सीट कब्जाने से कोई प्रधानमंत्री नहीं बनता: मेरठ में पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला

महिला सांसदों को आगे कर सीट कब्जाने से कोई प्रधानमंत्री नहीं बनता: मेरठ में पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला

मेरठ, 22 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ दौरे के दौरान कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया। मेरठ मेट्रो के उद्घाटन और रैपिड रेल के विस्तार के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है, न कि महिला सांसदों को आगे कर सीट पर कब्जा करने की कोशिश करनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने संसद के बजट सत्र के दौरान प्रधानमंत्री की सीट के पास कांग्रेस सांसदों के विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा, “अगर आपको प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है तो पहले जनता का विश्वास जीतिए। महिला सांसदों को भेजकर सीट पर कब्जा करके आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। क्या आप इतने खोखले हो गए हैं कि माताओं-बहनों को आगे कर रहे हैं?”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के लिए बोझ बनती जा रही है और उसकी राजनीति निराशा और हताशा से प्रेरित है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि दिल्ली में हुई हालिया घटना की कांग्रेस के सहयोगी दलों ने भी आलोचना की है, जिसके लिए उन्होंने सार्वजनिक रूप से उनका आभार व्यक्त किया।

संसद न चलने देने का आरोप

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद की कार्यवाही को बाधित कर रही है। उन्होंने कहा, “जब खुद कुछ कर नहीं पाते तो अपने सहयोगी दलों को भी बोलने का अवसर नहीं देते। संसद को चलने नहीं देते, जिसका सबसे बड़ा नुकसान उनके सहयोगी दलों को ही हो रहा है।”

एआई समिट के बहाने निशाना

प्रधानमंत्री ने हाल ही में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए और यह विकासशील देशों के लिए ऐतिहासिक आयोजन था।

उन्होंने कहा, “पूरा देश इस आयोजन पर गर्व कर रहा था, लेकिन कांग्रेस और उसके इकोसिस्टम ने इसे अपनी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। विदेशी मेहमानों के सामने जो आचरण किया गया, वह देश की गरिमा के अनुकूल नहीं था।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस वैचारिक रूप से दिवालिया हो चुकी है और देश को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि एआई ग्लोबल समिट किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश का कार्यक्रम था।

विकास के मुद्दे पर मुकाबले की चुनौती

जनसभा में पीएम मोदी ने विपक्षी दलों को विकास के मुद्दे पर चुनावी मुकाबले की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि देश आज विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल भारत की सफलता को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।

मेरठ में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।