बॉलीवुड के सबसे चहेते कपल सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी के घर खुशियों ने दस्तक दी है। कियारा ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। हालांकि अभी तक कपल की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार मां और बेटी दोनों स्वस्थ हैं।
हाल ही में कियारा को उनके परिवार के साथ एक प्राइवेट अस्पताल के बाहर देखा गया था, जिसके बाद से ही अटकलें तेज हो गई थीं। अब मीडिया रिपोर्ट्स में यह पुष्टि हुई है कि एक्ट्रेस ने एक बेटी को जन्म दिया है। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की ओर से बधाइयों का तांता लग गया है।
साल 2023 में राजस्थान के आलीशान फोर्ट में रॉयल अंदाज़ में शादी करने वाले सिद्धार्थ और कियारा की जोड़ी हमेशा से ही फैंस की फेवरेट रही है। दोनों ने तीन साल तक डेटिंग करने के बाद शादी की थी। शादी के बाद दोनों ने एक-दूसरे के साथ कई सार्वजनिक आयोजनों और सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए अपनी बॉन्डिंग को जाहिर किया।
इस साल 28 फरवरी को कियारा आडवाणी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी, जिसे फैंस ने खूब प्यार दिया। इसके बाद से कियारा अक्सर अपनी प्रेग्नेंसी जर्नी को लेकर सुर्खियों में रहीं। चाहे मेट गाला का रेड कार्पेट हो या इंस्टाग्राम पर उनकी खूबसूरत तस्वीरें – कियारा ने इस नए सफर को बड़े ही ग्रेस और खुशी के साथ जिया।
कपल के करीबी सूत्रों के अनुसार, जल्द ही सिद्धार्थ और कियारा अपनी बेटी के जन्म की खुशी को सार्वजनिक रूप से साझा कर सकते हैं। फैंस को अब उस पल का इंतजार है जब दोनों अपने नन्हे मेहमान की पहली झलक दुनिया से साझा करेंगे।