नई दिल्ली, 8 अगस्त 2025 – बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने अपने करियर का नया अध्याय तेलुगू सिनेमा से शुरू किया है। उनकी पहली तेलुगू फिल्म जटाधारा का बहुप्रतीक्षित टीज़र शुक्रवार को जारी किया गया, जिसने दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ा दी।
सुपरनैचुरल एक्शन थ्रिलर जटाधारा में सोनाक्षी के साथ साउथ के लोकप्रिय अभिनेता सुधीर बाबू मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। वेंकट कल्याण और अभिषेक जायसवाल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एक्शन, सस्पेंस और पौराणिक कथाओं का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
टीज़र में सोनाक्षी सिन्हा का अब तक का सबसे अलग और दमदार अंदाज सामने आया है। गहनों से सजी, गहरी काजल लगी आंखें, लाल बिंदी और माथे पर तिलक के साथ उनका रौद्र रूप दर्शकों को खासा प्रभावित कर रहा है। सोशल मीडिया पर फैंस ने उनके इस लुक को देखते ही फिल्म को ‘फर्स्ट डे फर्स्ट शो’ पर देखने का ऐलान कर दिया।
कहानी का आधार भारतीय पौराणिकता है, जिसमें बलिदान से जन्मे नायक और लालच से पनपे अंधकार के बीच टकराव दिखाया गया है। टीज़र में सुधीर बाबू और सोनाक्षी के बीच दमदार भिड़ंत की झलक भी मिलती है।
फिल्म का निर्माण जी स्टूडियोज के साथ एसकेजी एंटरटेनमेंट ने किया है, जबकि संगीत जी म्यूजिक कंपनी के बैनर तले रिलीज होगा। शानदार वीएफएक्स और भव्य सेट डिजाइन से सजी जटाधारा को इस साल के अंत में बड़े पर्दे पर रिलीज करने की योजना है।
इससे पहले फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर भी चर्चा में रहा था, जिसमें सोनाक्षी और सुधीर बाबू के अलौकिक अवतार के साथ भगवान शंकर की झलक ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी थी। निर्माता प्रेरणा अरोड़ा का कहना है कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा को एक नई परिभाषा देगी।