अमेरिका जाने वाले ऑस्ट्रेलियाई यात्रियों में चौंकाने वाली बढ़ोतरी

ट्रंप की कड़ी नीतियों के बावजूद फिर बढ़ा रुझान

अमेरिका जाने वाले ऑस्ट्रेलियाई यात्रियों में चौंकाने वाली बढ़ोतरी

सिडनी/नई दिल्ली। डोनाल्ड ट्रंप के कठोर आव्रजन नियमों और विवादास्पद नीतियों के कारण हाल के वर्षों में ऑस्ट्रेलियाई नागरिक अमेरिका की यात्रा करने से कतराते रहे, लेकिन अब एक चौंकाने वाला मोड़ देखने को मिला है।

ऑस्ट्रेलियन ट्रैवल इंडस्ट्री एसोसिएशन (ATIA) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका की यात्रा करने वाले ऑस्ट्रेलियाई यात्रियों की संख्या में वर्ष-दर-वर्ष 4.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सिर्फ मई 2025 में यह बढ़ोतरी 8 प्रतिशत रही है, जो मई 2024 की तुलना में उल्लेखनीय मानी जा रही है।

ऑस्ट्रेलियन ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (ABS) के आंकड़ों से भी यह स्पष्ट होता है कि अमेरिका छुट्टियों (12 प्रतिशत वृद्धि), रिश्तेदारों से मिलने (15 प्रतिशत) और व्यापारिक कारणों (8 प्रतिशत) के लिए फिर से पसंदीदा गंतव्य बन रहा है।

हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले यह दावा किया था कि अमेरिका में पर्यटन पर कोई असर नहीं पड़ा है, लेकिन वास्तविक आंकड़े कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। अप्रैल में अमेरिका जाने वाले ऑस्ट्रेलियाई यात्रियों की संख्या में 6.2 प्रतिशत की गिरावट देखी गई थी, जिसके बाद मई में यह अप्रत्याशित उछाल सामने आया है।

अमेरिका आने वाले पर्यटकों की संख्या में गिरावट
जहां एक ओर ऑस्ट्रेलिया से अमेरिका की यात्रा में बढ़ोतरी हो रही है, वहीं अमेरिका से ऑस्ट्रेलिया आने वाले पर्यटकों की संख्या में गिरावट देखी जा रही है। मई 2025 में यह आंकड़ा 3.7 प्रतिशत नीचे रहा और वर्ष-दर-वर्ष मात्र 0.6 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्ज हुई।

ATIA की निदेशक नीना हेजेस ने कहा, "अमेरिका अब भी ऑस्ट्रेलियाई यात्रियों के लिए लोकप्रिय गंतव्य है, लेकिन दोनों देशों के बीच संतुलित पर्यटन बहाली के लिए चुनौतियां बनी हुई हैं।"

एशिया बना पहली पसंद
हालांकि अमेरिका में यात्रा वृद्धि हुई है, फिर भी ऑस्ट्रेलियाई यात्रियों की पहली पसंद एशियाई देश बने हुए हैं। ATIA के अनुसार, मई 2025 तक समाप्त वर्ष में कुल 12.21 मिलियन आउटबाउंड यात्राएं हुईं, जिसमें 12.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

प्रमुख वृद्धि वाले देशों में इंडोनेशिया (मुख्यतः बाली) में 16.3 प्रतिशत, जापान में 32.4 प्रतिशत, वियतनाम में 25.8 प्रतिशत और चीन में 26.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई।

नीना हेजेस ने कहा, "बाली, टोक्यो और हो ची मिन्ह सिटी जैसे शहर ऑस्ट्रेलियाई पर्यटकों की प्राथमिक सूची में बने हुए हैं। खासकर जापान की लोकप्रियता बढ़ने के पीछे सस्ती उड़ानों की उपलब्धता और ऑस्ट्रेलियन डॉलर की अच्छी विनिमय दर अहम कारण हैं।"

'अमेरिका से मोहभंग हो सकता है'
फ्लाइट सेंटर के सीईओ ग्राहम टर्नर के अनुसार, 2025 की पहली तिमाही में अमेरिका के लिए लीजर ट्रैवल बुकिंग में 12 से 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने अनुमान जताया कि अप्रैल, मई और जून में यह गिरावट और तेज हो सकती है, हालांकि जून के आंकड़े अभी आने बाकी हैं।