सिडनी – न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने सिडनी के एक वरिष्ठ एकाउंटेंट को संगठित आपराधिक गिरोह की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस पर आरोप है कि उसने अपने पेशेवर पद का दुरुपयोग कर मनी लॉन्ड्रिंग और धोखाधड़ी जैसे आर्थिक अपराधों में अपराधियों की मदद की।
पुलिस ने बताया कि दिसंबर 2021 में एक विशेष स्ट्राइक फोर्स का गठन किया गया था, जिसका उद्देश्य इस एकाउंटेंट की संदिग्ध गतिविधियों की जांच करना था। यह व्यक्ति सिडनी स्थित एक टैक्स ऑफिस में काम कर रहा था और माना जा रहा है कि उसने संगठित अपराध नेटवर्क के सदस्यों की ओर से आर्थिक धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
13 मई 2025 को सुबह करीब 9:50 बजे, सिडनी सीबीडी (CBD) में स्थित एक टैक्स कार्यालय पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज मिले जो संगठित अपराध में शामिल लोगों से संबंधित बताए जा रहे हैं।
इसके कुछ ही देर बाद, क्रॉयडन स्थित एडविन स्ट्रीट से 43 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के खिलाफ कई धोखाधड़ी से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। उसे जमानत दे दी गई है और वह 17 जून को अदालत में पेश होने के लिए बाध्य है।