जापान में फिर ताकाइची सरकार, सत्तारूढ़ गठबंधन को दो-तिहाई बहुमत

पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दी बधाई

जापान में फिर ताकाइची सरकार, सत्तारूढ़ गठबंधन को दो-तिहाई बहुमत

टोक्यो। जापान में प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन ने संसदीय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। रविवार को हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव में गठबंधन को दो-तिहाई से अधिक बहुमत मिला है, जिससे ताकाइची की सत्ता में वापसी लगभग तय हो गई है।

465 सदस्यीय निचले सदन में सत्तारूढ़ गठबंधन को अब तक 352 सीटें प्राप्त हुई हैं, जो बहुमत के आंकड़े 233 से कहीं अधिक हैं। इनमें से अकेले लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी ने 348 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कुछ सीटों पर मतगणना अभी जारी है। विपक्षी दलों को अब तक केवल 107 सीटें ही मिल पाई हैं।

अक्तूबर में बनी थीं जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री

सनाए ताकाइची ने अक्तूबर 2025 में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। हालांकि उनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता काफी अधिक थी, लेकिन उनकी पार्टी को लेकर जनता में असंतोष देखा जा रहा था। इसी के चलते उन्होंने अचानक आम चुनाव कराने का फैसला लिया, जो अब पूरी तरह सफल साबित हुआ है।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताकाइची को ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पर साझा संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि भारत-जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी विश्व में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ताकाइची के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध और अधिक मजबूत होंगे।

ट्रंप ने भी जताई खुशी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ताकाइची को चुनावी जीत पर बधाई दी और इसे जापान की स्थिर राजनीति के लिए सकारात्मक संकेत बताया।