ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा सड़क सुरक्षा कार्यक्रम 'bstreetsmart' इस सप्ताह न्यू साउथ वेल्स (NSW) के हजारों स्कूली छात्रों को यातायात दुर्घटनाओं की भयावह सच्चाई से रूबरू कराएगा।
5 से 7 अगस्त तक सिडनी ओलंपिक पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में 221 स्कूलों से 16 से 18 वर्ष की आयु के 28,600 से अधिक छात्र भाग ले रहे हैं। यह कार्यक्रम छात्रों को वाहन चलाते समय जिम्मेदारी और जोखिमों के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
क्या है 'bstreetsmart'?
साल 2004 में वेस्टमेड अस्पताल की ट्रॉमा नर्सें जूली सेगी और स्टेफनी विल्सन द्वारा शुरू किया गया यह कार्यक्रम अब अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इसमें सड़क हादसों की सजीव झलकियाँ, दुर्घटनाओं से बच निकले लोगों की गवाही और इंटरेक्टिव सत्रों के माध्यम से छात्रों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जाता है ताकि वे सड़क पर सुरक्षित निर्णय ले सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत 464 छात्रों और 10 स्कूलों के साथ हुई थी, और अब तक लगभग 3 लाख छात्र इसका हिस्सा बन चुके हैं।
जमीनी अनुभव से सीखेंगे छात्र
कार्यक्रम में छात्र वास्तविक हादसों की सिमुलेटेड झलक देखेंगे और जानेंगे कि एक गलत निर्णय किस तरह जानलेवा हो सकता है।
सरकारी सहयोग
इस वर्ष के कार्यक्रम के लिए ट्रांसपोर्ट फॉर NSW की ओर से $3,10,000 की वित्तीय सहायता दी गई है।
मंत्रीगणों की प्रतिक्रिया
NSW के स्वास्थ्य मंत्री रयान पार्क ने कहा, "यह कार्यक्रम हमारे युवाओं को दो दशकों से सड़क सुरक्षा की शिक्षा दे रहा है। यह नायाब प्रयास है जो सड़क हादसों में युवाओं की अधिक भागीदारी को कम करने में मदद करेगा।"
पुलिस और काउंटर-टेररिज्म मंत्री यासमिन कैटली ने कहा, "इस साल अब तक 200 से अधिक लोगों की सड़क हादसों में जान जा चुकी है। यदि हमें इस संख्या में बदलाव चाहिए, तो ड्राइवरों का व्यवहार बदलना होगा। यही बात यह कार्यक्रम छात्रों को सिखाता है।"
रोड्स मंत्री जेनी ऐचिसन ने कहा, "ड्राइविंग एक जिम्मेदारी है, और यह कार्यक्रम युवाओं को सुरक्षित निर्णय लेने की प्रेरणा देता है।"
पारामट्टा की सांसद डोना डेविस ने कहा, "युवाओं में सड़क दुर्घटनाएं मृत्यु और गंभीर चोटों का प्रमुख कारण हैं। यह कार्यक्रम उन्हें जागरूक कर बेहतर निर्णय लेने के लिए प्रेरित करता है।"
फ्रंटलाइन अनुभव का साझा ज्ञान
वेस्टमेड अस्पताल की नर्स जूली सेगी ने कहा, "मैं चाहती हूं कि हमारे युवा ट्रॉमा यूनिट तक न पहुंचे। इस कार्यक्रम के माध्यम से हम उन्हें सही और सुरक्षित चुनाव करना सिखाते हैं।"
NSW एम्बुलेंस के मुख्य कार्यकारी डॉ. डोमिनिक मॉर्गन ने कहा, "हमारी टीम सड़क दुर्घटनाओं के दर्दनाक परिणामों को हर दिन देखती है। हम 'bstreetsmart' को समर्थन देते हुए गर्व महसूस करते हैं, जो युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार बनाता है।"
अधिक जानकारी के लिए
अधिक जानकारी और विवरण के लिए www.bstreetsmart.org पर जाएं।