बॉन्डी बीच पर फिलिस्तीन समर्थक और इज़राइल समर्थक गुटों के बीच तनातनी

बॉन्डी बीच पर फिलिस्तीन समर्थक और इज़राइल समर्थक गुटों के बीच तनातनी

ऑस्ट्रेलिया के मशहूर बॉन्डी बीच पर रविवार सुबह फिलिस्तीन समर्थक और इज़राइल समर्थक प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने पर झड़प की स्थिति बन गई और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।

घटना के दौरान सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो में कुछ लोगों को “सबको देश से बाहर करो” और “तुम ही असली आतंकी हो” जैसी नारेबाज़ी करते सुना गया।

फिलिस्तीन समर्थन में रैली

रविवार को फादर्स डे के मौके पर सैकड़ों प्रदर्शनकारी गाज़ा और सुमूद फ़्लोटिला के समर्थन में बीच पर जुटे। यह कार्यक्रम ज्यूज़ अगेन्स्ट द ऑक्युपेशन नामक यहूदी-नेतृत्व वाले संगठन ने आयोजित किया था। आयोजकों ने इसे शांति पूर्ण “पैडल-आउट” बताया और स्थानीय सर्फ़र समुदाय से भी इसमें शामिल होने की अपील की थी।

झड़प और पुलिस की तैनाती

पुलिस की कड़ी मौजूदगी के बावजूद बॉन्डी पैवेलियन की सीढ़ियों पर प्रदर्शनकारियों के बीच हाथापाई हो गई। गवाहों के अनुसार, कुछ लोगों ने मुक्के भी चलाए। हालांकि, न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने स्पष्ट किया कि रविवार दोपहर तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा,

“सुबह 8 बजे बॉन्डी बीच पर अनधिकृत प्रदर्शनों की सूचना पर पुलिस पहुंची। समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लोकल पुलिस के साथ पब्लिक ऑर्डर एंड रायट स्क्वाड, ऑपरेशन ओडिन और हाई विजिबिलिटी पेट्रोल यूनिट भी तैनात की गई थी। अंततः भीड़ बिना किसी बड़े हादसे के तितर-बितर हो गई।”