टेक्सास, अमेरिका | 6 जुलाई 2025
टेक्सास राज्य में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने भयानक तबाही मचाई है। अब तक कम से कम 24 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और एक क्रिश्चियन समर कैंप से करीब 23 कम उम्र की लड़कियां अब भी लापता हैं। यह दिल दहला देने वाली घटना सेंट्रल टेक्सास के केर्विल इलाके की है, जहां ग्वाडालूप नदी का जलस्तर अचानक 8 मीटर तक बढ़ गया।
सबसे ज्यादा तबाही कैंप मिस्टिक नामक एक समर कैंप में हुई, जहां 750 तक लड़कियां गर्मियों की छुट्टियों में भाग लेने आई थीं। शुक्रवार रात को हुए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो बच्चियों के शव बरामद किए गए। मृत पाई गई बच्चियों की पहचान 8 वर्षीय रेनी स्माजस्ट्रला और 9 वर्षीय जेनी हंट के रूप में हुई है।
रेनी के चाचा ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा,
“हालांकि यह वह परिणाम नहीं था जिसकी हमने प्रार्थना की थी, पर हमें संतोष है कि वह अपनी सहेलियों के साथ थी और जीवन का सर्वोत्तम समय बिता रही थी। हम सभी परिवारों के लिए प्रार्थना करते हैं जिनकी बेटियां अब भी लापता हैं।”
बाढ़ के दौरान नदी का जलस्तर केवल 45 मिनट में 8 मीटर तक बढ़ गया, जिससे पूरा कैंप जलमग्न हो गया। केर काउंटी के शेरिफ लैरी लीथा ने बताया कि 23 से 25 लोग अभी भी लापता हैं। टेक्सास के उपराज्यपाल डैन पैट्रिक ने कहा कि "करीब 23 लड़कियां अभी भी खोजबीन के दायरे में हैं।"
इस बीच, ग्वाडालूप नदी के किनारे स्थित एक अन्य लड़कियों के कैंप Heart O’ the Hills की डायरेक्टर और सह-मालिक की भी मौत हो गई, हालांकि उस समय वह कैंप सत्र में नहीं था।
यह घटना न केवल टेक्सास बल्कि पूरे अमेरिका को झकझोर देने वाली है। लापता बच्चियों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और सैकड़ों माता-पिता अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं। बचाव कार्य लगातार जारी है और राज्य प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है।