थाईलैंड–कंबोडिया सीमा पर फिर भड़का संघर्ष, थाई वायुसेना की बमबारी से इमारतें और पुल तबाह

थाईलैंड–कंबोडिया सीमा पर फिर भड़का संघर्ष, थाई वायुसेना की बमबारी से इमारतें और पुल तबाह

बैंकॉक/नोम पेन्ह।
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद एक बार फिर गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। शनिवार तड़के थाई वायुसेना ने कंबोडिया सीमा के पास हवाई हमले किए, जिससे कई इमारतें और अहम पुल क्षतिग्रस्त हो गए। इन हमलों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को कठघरे में खड़ा कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह एक फोन कॉल से इस संघर्ष को रुकवा सकते हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, थाई वायुसेना ने दो एफ-16 लड़ाकू विमानों के जरिए कंबोडिया के पश्चिमी प्रांत बट्टमबोंग में स्थित त्मोर दा शहर को निशाना बनाया। सुबह करीब 5:50 बजे एक होटल की इमारत पर बम गिराया गया, जबकि 5:55 बजे उसी इलाके में एक अन्य होटल पर दूसरा हमला हुआ।

पुल बने अगला निशाना

हवाई हमलों के बाद थाई सेना ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पुलों को निशाना बनाना शुरू किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुबह 6:02 बजे चेई चोम्नास पुल पर बमबारी की गई, इसके बाद 6:07 बजे उसी पुल पर दूसरा बम गिराया गया। वहीं 6:12 बजे, चेई चोम्नास के पुराने पुल को भी निशाना बनाया गया, जिससे यातायात और संपर्क व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है।

ट्रंप के दावे पर सवाल

गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर बढ़ते तनाव को लेकर दावा किया था कि वह एक फोन कॉल के जरिए दोनों देशों के बीच संघर्ष को रोक सकते हैं। उन्होंने इसे अपनी “ताकत के दम पर शांति स्थापित करने की नीति” बताया था। हालांकि, ताजा घटनाक्रम ने उनके इस दावे की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

तनाव और बढ़ने की आशंका

सीमा पर लगातार हो रहे हमलों से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल दोनों देशों की ओर से आधिकारिक तौर पर हताहतों की संख्या को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है