बैंकॉक, 28 जुलाई 2025 – थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक लोकप्रिय और भीड़भाड़ वाले ऑर टॉ कॉर (Or Tor Kor) मार्केट में सोमवार दोपहर को एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:31 बजे बैंकॉक के बांग सू जिले में घटी, जो शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल चातुचक मार्केट के पास स्थित है। रॉयल थाई पुलिस ने पुष्टि की है कि मरने वालों में सभी सुरक्षा गार्ड शामिल हैं।
बांग सू जिले के डिप्टी पुलिस प्रमुख वोरापत सुकथाई ने बताया, "फिलहाल इसे एक मास शूटिंग (सामूहिक गोलीबारी) के रूप में देखा जा रहा है। हमलावर के मकसद की जांच की जा रही है।"
प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि हमलावर सड़क पर दौड़ते हुए गोलियां चला रहा था और बाजार के अंदर लोग जान बचाने के लिए छिपते नजर आए।
इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलियाई दूतावास और Smartraveller वेबसाइट ने थाईलैंड में रह रहे या यात्रा कर रहे अपने नागरिकों को आगाह करते हुए कहा है कि वे अत्यधिक सतर्क रहें और विशेष रूप से घटना स्थल से दूर रहें। थाईलैंड-कंबोडिया सीमा के पास चल रहे संघर्ष के चलते वहां पहले ही 'Do Not Travel' की चेतावनी जारी है।
थाईलैंड में ऐसे सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं, जिसका मुख्य कारण देश में ढीले बंदूक नियंत्रण कानून और हथियारों की आसान उपलब्धता माना जा रहा है।
पुलिस अब हमलावर की पहचान करने में जुटी है और यह जांच रही है कि कहीं उसका कोई संबंध सीमा पर चल रहे तनाव या किसी आतंकी संगठन से तो नहीं है।
यह भयावह घटना एक बार फिर थाईलैंड में सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा मानकों की गंभीरता पर सवाल खड़ा करती है।