वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने राजधानी वॉशिंगटन डीसी से बेघर लोगों को तुरंत हटाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सभी बेघर लोगों को “राजधानी से दूर” किसी स्थान पर भेजा जाएगा और उन्हें ठहरने की व्यवस्था दी जाएगी। ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा— “हम अपनी राजधानी वापस चाहते हैं। बेघर लोग तुरंत निकलेंगे। उन्हें हम जगह देंगे, लेकिन राजधानी से बहुत दूर।”
ट्रम्प ने यह भी कहा कि राजधानी में अपराध करने वालों को बाहर नहीं भेजा जाएगा, बल्कि सीधे जेल में डाला जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी— “कोई ‘मिस्टर नाइस गाय’ नहीं होगा, सब बहुत तेज़ी से होगा, ठीक जैसे हमने सीमा पर किया।”
राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि सोमवार को इस योजना के और विवरण सार्वजनिक किए जाएंगे। इससे पहले उन्होंने डीसी में अपराध पर काबू पाने के लिए नेशनल गार्ड की तैनाती की संभावना जताई थी। यह कदम उस घटना के बाद चर्चा में आया, जिसमें 19 वर्षीय सरकारी कर्मचारी एडवर्ड कोरिस्टाइन पर लगभग 10 नाबालिगों ने हमला कर दिया था। घटना के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
डीसी की विशेष स्थिति है—1973 के होम रूल एक्ट के तहत यहां स्थानीय सरकार को कुछ अधिकार दिए गए हैं, लेकिन कांग्रेस उन्हें बदल या रद्द कर सकती है। ट्रम्प पहले भी कई बार शहर के प्रशासन में व्हाइट हाउस की सीधी दखल की धमकी दे चुके हैं।