ट्रंप का सख्त रुख: दक्षिण अफ्रीका को 2026 मियामी G20 शिखर सम्मेलन से बाहर किया, सभी भुगतान-सब्सिडी रोकने का आदेश

ट्रंप का सख्त रुख: दक्षिण अफ्रीका को 2026 मियामी G20 शिखर सम्मेलन से बाहर किया, सभी भुगतान-सब्सिडी रोकने का आदेश

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण अफ्रीका के साथ बढ़ते तनाव के बीच बड़ा कदम उठाते हुए घोषणा की है कि आगामी वर्ष मियामी में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में अब दक्षिण अफ्रीका को आमंत्रित नहीं किया जाएगा। ट्रंप ने साथ ही कहा कि अमेरिकी सरकार दक्षिण अफ्रीका को दी जाने वाली हर तरह की वित्तीय सहायता और सब्सिडी भी तत्काल प्रभाव से रोक देगी।

प्रतिनिधि से ‘दुर्व्यवहार’ पर कड़ा कदम

राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को अपने आधिकारिक बयान में दावा किया कि हाल ही में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित जी20 बैठक के दौरान अमेरिकी दूतावास के वरिष्ठ प्रतिनिधि के साथ असम्मानजनक व्यवहार किया गया। ट्रंप के मुताबिक, सम्मेलन के समापन अवसर पर दक्षिण अफ्रीका ने जी20 की अध्यक्षता का दायित्व अमेरिकी प्रतिनिधि को सौंपने से इनकार कर दिया।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “दक्षिण अफ्रीका का रवैया अस्वीकार्य है, इसलिए मेरे निर्देश पर उसे 2026 जी20 शिखर सम्मेलन के लिए निमंत्रण नहीं भेजा जाएगा।”

श्वेत किसानों के मुद्दे पर भी नाराजगी

कुछ समय से ट्रंप दक्षिण अफ्रीका में अफ्रीकानर (श्वेत किसानों) के कथित उत्पीड़न को लेकर दक्षिण अफ्रीकी सरकार की आलोचना करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि दक्षिण अफ्रीका में श्वेत किसानों को हिंसा और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीकी सरकार इन दावों को निराधार बताकर खारिज कर चुकी है।

इस विवाद के चलते ट्रंप ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी में हुए G20 सम्मेलन में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को शामिल न करने का भी निर्णय लिया था।

दक्षिण अफ्रीका सरकार की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा

अमेरिकी प्रशासन के इस कठोर निर्णय के बाद अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर दक्षिण अफ्रीका की प्रतिक्रिया पर टिक गई है। विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में तनाव बढ़ा सकता है और आने वाले महीनों में वैश्विक कूटनीति पर इसका असर देखने को मिल सकता है।